bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सोने से दमका छत्तीसगढ़

रायपुर. बीजिंग ओलिंपिक में शूटर अभिनव बिंद्रा ने ऐसा निशाना लगाया कि पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी हर्ष की लहर दौड़ गई। राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर दिनभर युवाओं की टोलियां खुशियां मनाती रहीं। मिठाई बांटी गई और जमकर आतिशबाजी भी हुई। रायपुर में जश्न की शुरुआत ओलिंपिक संघ ने की।

संघ से जुड़े लोगों तथा युवाओं ने बैंडबाजे पर खूब मस्ती की। सभी मुख्य मार्गो पर युवाओं की टोलियां तिरंगा लहराती नजर आईं। जयस्तंभ चौक पर जीत के जश्न में संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और खेल विभाग के अधिकारियों समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाया और उम्मीद की कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी भविष्य में अभिनव की तरह देश का मान बढ़ाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी नीता डूमरे तथा संघ के अन्य पदाधिकारियों ने गुलाल उड़ाया तथा लोगों ने फूल बांटे। बिंद्रा के गोल्ड ने राज्यभर में जश्न का माहौल बना दिया। बिलासपुर में युवाओं तथा लोगों ने सत्यम चौक पर देश के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक गोल्ड मैडल की खुशियां मनाईं और पटाखे फोड़े। रायगढ़ और अंबिकापुर में भी लोगों ने मिठाइयां बांटी तथा एक-दूसरे को बधाई दी। दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, जगदलपुर और धमतरी में भी लोगों ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटी।

स्वतंत्रता दिवस की खुशी दोगुनी
अभिनव की ऐतिहासिक जीत ने आगामी स्वतंत्रता दिवस की खुशियां दोगुनी कर दी। यह वह मौका है जिसने राष्ट्रीय पर्व से पहले ही लोगों में देशभक्ति भक्ति का जज्बा जगा दिया। उत्साह और उमंग में लबालब लोगों ने अब आजादी का जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

बिंद्रा को सम्मानित करेगी छग सरकार
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह तथा खेलमंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को बधाई दी। डा. सिंह ने श्री बिंद्रा के लिए राज्य की ओर से एक लाख रुपए की सम्मान राशि की घोषणा की और कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिंद्रा की उपलब्धि ने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: