अजमेर. कलेक्ट्रेट स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के दरवाजे पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने अजमेर में 27 अगस्त से पहले बम ब्लास्ट किए जाने की धमकी लिखी है। पुलिस जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या गंभीर चेतावनी।
पुलिस विधि विज्ञान प्रयोगशाला के विशेषज्ञों ने भी लिखावट की जांच की है। लेकिन पुलिस ने फिलहाल धमकी को गंभीरता से लिया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब ग्यारह बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी कि कॉम्पलेक्स के एक शौचालय के लोहे के दरवाजे पर बम ब्लास्ट किए जाने की धमकी लिखी हुई है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस के एसआई अजीतसिंह मय दल के मौके पर पहुंचे। दरवाजे के पीछे -‘बम ब्लास्ट, ब्लास्टमैन सलीम खान, अब के बार अजमेर में 27 अगस्त से पहले।’ पुलिस ने एफएसएल की टीम बुलवा कर हैंडराइटिंग का नमूना ले लिया है।