bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

दाऊद का भाई अनीस पुलिस शिकंजे में!

मुंबई. कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भाई और 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के मास्टरमाइंड अनीस इब्राहिम को जेद्दा एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने की खबर है।

सीबीआई ने सऊदी अरब के अधिकारियों से इसकी पुष्टि करने को कहा है। इस बारे में इंटरपोल को भी आगाह कर दिया गया है। हालांकि अनीस की गिरफ्तारी की आईबी या मुंबई पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर पुष्टि होना बाकी है।

केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटील ने सोमवार को नई दिल्ली में कहा कि इस बारे में मिली विभिन्न रिपोर्टे की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं। अनीस इब्राहिम को फर्जी पासपोर्ट के साथ हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही सऊदी अरब के अधिकारियों से संपर्क साधा गया है।

अनीस के साथ सिकंदर नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है। अनीस 1993 के मुंबई बम ब्लास्ट का मास्टरमाइंड है।

70 मामलों में वांटेड : अनीस ने मुंबई बम धमाकों की साजिश रचने के साथ ही हथियार और विस्फोटक भी भारत पहुंचाए थे। भारत में उस पर हत्या, धन वसूली, अपहरण और फिरौती मांगने के लगभग 70 मामले दर्ज हैं।

अंडरवर्ल्ड सूत्रों का कहना है कि जेद्दा में पकड़ा गया शख्स यदि अनीस ही हुआ तो भी उसे भारत लाना नामुमकिन है, क्योंकि यूएई के साथ भारत की प्रत्यर्पण संधि नहीं है। पाकिस्तान को भेजी गई 20 प्रमुख वांछित अपराधियों और आतंकवादियों की सूची में अनीस का नाम भी शामिल है।

पहले भी हो चुका है गिरफ्तार : अनीस को इससे पहले 1996 और 2002 में दुबई में ही गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दोनों बार वह या तो सबूतों के अभाव में,या फिर जमानत पर रिहा हो गया था। उसे पहली बार 1990 में बहरीन में गिरफ्तार कर दुबई लाया गया था, जहां उसे जमानत मिल गई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: