भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता इस महीने लागू नहीं होगी। चुनाव आयोग ने मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को मतदाता सूचियों का काम पूरा करने के लिए 31 अगस्त तक की मोहलत दे दी है। आयोग ने ऐसा मतदाता सूचियों के काम में कोई कसर नहीं छूटने देने की मंशा से किया है।
राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से लेकर कई दिनों से ये चर्चा सरगर्म है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अगस्त के आखिर में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
मध्यप्रदेश और राजस्थान के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों की मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपाल स्वामी तथा आयुक्तों के साथ चर्चा में मतदाता सूचियों का मुद्दा अहम था। इसके बाद छत्तीसगढ़ और मिजोरम के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों की भी आयोग से मुलाकात हुई।
मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जेएस माथुर ने दैनिक भास्कर से बातचीत में पुष्टि की है कि आयोग ने मप्र में मतदाता सूची के काम को पूरा करने के लिए अगस्त के अंत का समय बढ़ा दिया है। इसके चलते विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम अगस्त में घोषित होने की संभावना नहीं है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी इस संबंध में बुधवार को संभागायुक्त और कलेक्टरों को पत्र भेजेंगे। जिसमें मतदाता सूचियों और मतदाता फोटो परिचय पत्र को संशोधित करने का काम तेजी से अगस्त के अंत तक पूरा करने को कहा जाएगा।