bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

हजारों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

इंदौर.shrine अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड को दी गई जमीन वापस लिए जाने के विरोध में मंगलवार दोपहर हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर संभागायुक्त कार्यालय के बाहर गिरफ्तारी दी। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे।

कार्यकर्ताओं को छोटा नेहरू स्टेडियम ले जाकर छोड़ दिया गया। राजबाड़ा पर सुबह 10.30 बजे से ही कार्यकर्ताओं का हुजुम इकट्ठा होने लगा था। पार्टी के विभिन्न नेता और पार्षद ढोल-ढमाकों के साथ अपने नाम लिखे झंडे-बैनर थामे कार्यकर्ताओं की टोलियां लेकर आए। सोमवार को गुटकेश्वर महादेव मंदिर की सवारी में शामिल भगवान शिव की झांकी भी शमिल कर ली गई। 11.30 बजे सभा शुरू हुई।

खादी-ग्रामोद्योग मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, गोपीकृष्ण नेमा, रमेश मेंदोला, फूलचंद वर्मा, मधु वर्मा सहित विभिन्न वक्ताओं ने धारा 370 हटाने और अमरनाथ श्राइन बोर्ड से ली गई जमीन लौटाने की मांग करते हुए केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की।

सभा के दौरान झंडे-बैनर पर लिखे नाम पढ़कर सुनाए जा रहे थे कि अमुक कार्यकर्ता लोगों को लेकर आए हैं या कौन से पदाधिकारी पत्नी को भी लाए हैं। इस वजह से लोगों को शांत करने में बड़ी दिक्कत आ रही थी। सभा का संचालन संतोष वर्मा ने किया। अंजू माखिजा, मुकेशसिंह राजावत, कमाल भाई, ललित पोरवाल, अजयसिंह नरूका, प्रकाश पारवानी भी मौजूद थे।

तरह-तरह के स्वांग रचाकर आए रैली में

सभा के बाद राजबाड़ा चौक से ही विरोध रैली शुरू हुई। इसमें कार्यकर्ता तरह-तरह के स्वांग रचाकर आया। किसी ने भगवान शिव का रूप धर रखा था तो कोई टोली झांझ-मंजीरे बजाते हुए थिरक रही थी। रैली में सबसे आगे महिलाएं केंद्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चल रही थीं।

इसके बाद विधानसभा क्षेत्रवार कार्यकर्ता और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता चल रहे थे। उनके हाथों में भोले की जमीन वापस दो, धारा 370 हटाओ जैसे नारे लिखे तख्तियां थी।

रैली किशनपुरा पुल होते हुए सीधे संभागायुक्त कार्यालय पहुंची। यहां फिर एक सभा हुई जिसे सांसद सुमित्रा महाजन एवं पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे ने संबोधित किया। नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता ने ज्ञापन का वाचन किया। संचालन नगर महामंत्री उमेश शर्मा ने किया। श्री गुप्ता ने गिरफ्तारी के लिए 20676 कार्यकर्ताओं की सूची सौंपी। इनमें 7516 महिलाएं थीं।

गाड़ियां कम पड़ गईं
आंदोलन के मद्देनजर प्रशासन ने गांधी हॉल को अस्थाई जिला जेल बनाया था लेकिन भाजपा पदाधिकारी कल से ही गिरफ्तार कर जेल तक ले जाने पर अड़े हुए थे। इस वजह से डेढ़ दर्जन से ज्यादा नगर सेवा इकट्ठे किए गए थे। सबसे पहले सांसद सुमित्रा महाजन के साथ महिला कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दीं। इसके बाद सिलसिला चलता रहा।

कार्यकर्ताओं के बीच गाड़ियों में चढ़ने के लिए खासी धक्का-मुक्की भी हुई। कई कार्यकर्ता नगर सेवा की छत पर बैठ कर गए। बमुश्किल 20 मिनट में सारी गाड़ियां भर गईं, जबकि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहीं खड़े थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांधी हॉल में ही सबको गिरफ्तार करने की घोषणा कर रिहा कर दिया। एडीएम रमेश भंडारी ने 20 हजार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की घोषणा की।ग्रामीण कार्यकर्ताओं का कलेक्टोरेट पर प्रदर्शन
भाजपा ग्रामीण इकाई ने कलेक्टोरेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी। कार्यकर्ता लालबाग पैलेस पर इकट्ठा होकर जुलूस में रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां सभा हुई, जिसे बाबूसिंह रघुवंशी, जिलाध्यक्ष डॉ. रीता उपमन्यु, प्रेमनारायण पटेल, कंचनसिंह चौहान, कयूम टेलर ने संबोधित किया। अपर कलेक्टर रेणू पंत ने दो हजार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की घोषणा की। राजेंद्र हर्षवाल, अशोक पाटीदार, सोमेश्वर पटेल, पूरण शर्मा, चिंटू वर्मा भी मौजूद थे। आभार गणपतसिंह गौड़ ने माना।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: