इंदौर. रिश्तों के बंधन के त्योहार रक्षाबंधन में दो ही दिन बाकी हैं और इसके लिए बाजारों में बहनों की भीड़ बढ़ने लगी है। दो दिन से हो रही बारिश से बाजार में थोड़ी नरमी थी लेकिन बुधवार को चहल-पहल फिर बढ़ गई।
रक्षाबंधन के लिए बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ है। सराफा, राजबाड़ा, पाटनीपुरा, आड़ा बाजार और अन्य बाजारों में हालत ये है कि पैर रखने की जगह भी नहीं है। हालांकि सुबह चक्काजाम होने से रौनक थोड़ी कम थी लेकिन दोपहर होते-होते भीड़ फिर बढ़ गई।
शाम होते-होते तो राखियों के साथ ही नारियल, मिठाइयों, पूजन सामग्री की दुकानों पर तो काफी भीड़ हो गई। मिठाइयों के साथ ही पैकबंद चाकलेटों की भी खरीदी लोग कर रहे हैं। राजबाड़ा पर कपड़ों व अन्य सामग्री खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ दिखी। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन बाद राखी होने से इस दिन भी बाजार खुले रहेंगे।
बढ़े दाम पर मिल रहा है सामान
एमओजी लाइन के मोनिका शिंदे कहती हैं शादी के बाद ये उनकी पहली राखी है। उन्हें बहुत उत्साह है लेकिन बढ़ती महंगाई का असर हर सामान पर दिख रहा है। कपड़ों से लेकर मिठाई तक के दाम बढ़ गए हैं।
व्यापारी महेश कसेरा कहते हैं त्योहार को देखते हुए मावे के दाम थोड़े बढ़ गए हैं। साड़ियों के दाम में भी वृद्धि दिख रही है। व्यवसायी अतुल सुगंधी कहते हैं आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में बाजार में आ रहे हैं।