News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौड़ने वाले वाहनों के पहिए बुधवार की सुबह दो घंटे के लिए थम गए। अमरनाथ श्राइन बोर्ड को दी गई जमीन जम्मू कश्मीर शासन द्वारा वापस लिए जाने के विरोध में विश्व हिन्दू परिषद और भारतीय जनता पार्टी ने एबी रोड पर जाम लगा दिया।
दोनों दलों के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पहले माधव चौक पर जाम लगाया इसमें असफल होने पर वे ग्वालियर वायपास पर पहुंच गए। जहां दो घंटे से अधिक समय तक वाहन चालकों को जाम हटने का इंतजार करना पड़ा।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड से जमीन वापस लेने के विरोध में विहिप द्वारा बुधवार को किए गए देशव्यापी चक्काजाम कार्यक्रम में भाजपा ने भी भागीदारी की। सुबह नौ बजे विहिप और भाजपा कार्यकर्ता माधव चौक पहुंच गए। चूंकि यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था, इसलिए यहां एडीशनल एसपी मिथिलेश शुक्ला, एसडीओपी नीरज पांडेय और टीआई रत्नेश सिंह तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने माधव चौक पर जाम लगा दिया। चूंकि यह स्थल चारों ओर से खुला है, इसलिए ये नेता कुछ देर यहां प्रदर्शन करने के बाद जम्मू कश्मीर सरकार, कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एक समुदाय विशेष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल ही ग्वालियर वायपास पर पहुंच गए। यहां रास्ते में नेताओं ने वाहनों के चक्के जाम कर दिए।
इसमें विहिप की ओर से पुरुषोत्तम गौतम, राजेश भार्गव, जगदीश बग्गा, राधेश्याम सिसौदिया, संजय पुरी, अनिल गुप्ता, विपिन खेमरिया आदि ने शिरकत की। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जैन, गणोश गौतम, कोलारस विधायक ओमप्रकाश खटीक, मप्र बीज निगम के उपाध्यक्ष रणवीर रावत, ओमप्रकाश शर्मा गुरू, अजय जुनेजा, भरत अग्रवाल और भाजपा के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया व टायर जलाने की कोशिश की।
पर ऐन मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जलते हुए टायरों को बुझा दिया, इससे यहां हालात अधिक नहीं बिगड़ पाए। वायपास पर चक्काजाम करने के बाद नेता रैली के रूप में माधव चौक आ गए। यहां नेताओं ने नुक्कड़ सभा आयोजित कर हिन्दुओं से संगठित होने का आह्वान किया। अंत में यहां 103 भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्राइन बोर्ड से जमीन वापस लेने के विरोध में गिरफ्तारियां दीं।
कोलारस में 93 ने दीं गिरफ्तारियां
कोलारस कस्बे में श्राइन बोर्ड जमीन मामले को लेकर भाजपा नेताओं व विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ताओं ने एबी रोड पर जाम लगाया और 93 लोगों ने गिरफ्तारियां दीं। जिला मुख्यालय के बाद सबसे उग्र प्रदर्शन और अधिक गिरफ्तारियां कोलारस कस्बे में हुईं।
करैरा में धरने में सिमटा कार्यक्रम
करैरा कस्बे में श्राइन बोर्ड मामले में विहिप के बृजेश पाठक और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन किया। इन कार्यकर्ताओं ने शिवपुरी-झांसी मार्ग पर चक्काजाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण ऐसा नहीं हो सका। यहां किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई।
खनियांधाना में 13 हुए गिरफ्तार
श्राइन बोर्ड मामले में बुधवार को खनियांधाना के रेडी चौराहे पर विहिप व भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया। यहां रामकरण यादव, महेश अगिAहोत्री, राकेश परिहार, श्रीहर्ष त्रिपाठी, कुलदीप सिंह चौहान आदि समेत 13 लोगों ने गिरफ्तारियां दीं। सुरक्षा की दृष्टि से यहां टीआई सुरेन्द्र प्रताप सिंह तोमर और एसडीएम कमलेश भार्गव मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन देकर श्राइन बोर्ड को दी गई जमीन लौटाने की मांग की।
पिछोर में किया चक्काजाम
विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं व बजरंग दल ने स्थानीय बस स्टैंड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। हालांकि यहां एक भी कार्यकर्ता ने इस मसले पर गिरफ्तारी नहीं दी। लेकिन भाजपा के इस प्रदर्शन से वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
नरवर में डेढ़ घंटे चक्काजाम
विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोढ़ी माता मंदिर के आगे नाके पर चक्काजाम किया। हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदर्शन किया और श्राइन बोर्ड को दी गई जमीन लौटाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में भानूप्रताप चौहान, रमेश खटीेक, घनश्याम लाक्षाकार, मनोज सक्सेना, राजेन्द्र रावत, मण्डल अध्यक्ष भाजपा सीताराम राजपूत आदि शामिल हैं।
सतनवाड़ा में एबी रोड पर पुलिस ने रोके वाहन
जिला मुख्यालय पर विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए चक्काजाम के कारण पुलिस ने सतनवाड़ा पर वाहनों को रोका। जाम चूंकि जिला मुख्यालय पर दो घंटे लगा रहा, इस कारण ग्वालियर से शिवपुरी की ओर जाने वाले वाहनों को सतनवाड़ा पर पुलिस द्वारा रोका गया। इससे यहां भी जाम के हालात बन गए।