News
Chhattisgarh
Raipur Raipur नारायणपुर. बस्तर के भाजपा सांसद बलीराम कश्यप के काफिले पर नक्सलियों ने बुधवार को घात लगाकर हमला किया। इस हमले में एक एएसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। श्री कश्यप बाल-बाल बचे।
श्री कश्यप अमरनाथ भूमि विवाद मामले में कोंडागांव में आयोजित धरने में भाग लेने के बाद नारायणपुर जा रहे थे। वहां वनभूमि अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम में उन्हें भाग लेना था। जैसे ही उनका काफिला बेनूर के पास चौड़ंग गांव पहुंचा, नक्सलियों ने बारूदी सुरंग के जरिए विस्फोट कर दिया। नक्सलियों ने बेनूर से सात किलोमीटर दूर छेरीबेड़ा और चौड़ंग के बीच एक पुलिया के नीचे विस्फोटक छिपा रखा था।
वहां से करीब 150 मीटर दूर घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने बैटरी की मदद से विस्फोट किया। एसपी अजय यादव ने बताया कि श्री कश्यप के वाहन के सामने चल रही पायलटिंग जीप विस्फोट की चपेट में आ गई। जीप में बैठे नारायणपुर के एएसआई डोमू देवांगन और एसपीओ हीरालाल घायल हो गए। जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। दोनों घायलों को नारायणपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।
बताते हैं कि नक्सलियों ने करीब 60-70 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया। इससे घटनास्थल पर पांच फुट से बड़ा गड्ढा हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग बंद हो गया है। विस्फोट के बाद सांसद बलिराम कश्यप अपने गांव फरसपाल लौट गए। पुलिस ने आसपास के इलाके में र्स्िचग की लेकिन तब तक नक्सली भाग चुके थे। विस्फोट में इस्तेमाल तार और अन्य सामान पुलिस ने जब्त कर लिया है।
श्री कश्यप ने बताया कि विस्फोट के दौरान उनकी कार पुलिया से कुछ कदम ही दूर थी। कार में उनके साथ ड्राइवर के अलावा दो कार्यकर्ता विक्रम और ललित सवार थे।
कई नेता निशाने पर : नक्सलियों के निशाने पर बस्तर के अनेक नेता हैं। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा, विधायक राजेंद्र पामभोई, विक्रम उसेंडी और पूर्व विधायक राजाराम तोड़ेम पर नक्सली हमला कर चुके हैं।