Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
अगर इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की समग्र रूप से बात की जाए तो इसके विकास में बंगाली सिनेमा का योगदान कमतर नहीं आंका जा सकता। बंगाली सिनेमा ने श्वेत-श्याम दौर के बिमल राय और गुरुदत्त के अलावा सत्यजीत राय, मृणाल सेन और गौतम घोष सरीखे दिग्गज निर्देशक दिए हैं।
नई पीढ़ी में रितुपर्णो घोष भी एक ऐसा ही नाम है, जिनसे इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें हैं। इन्हीं रितुपर्णो घोष की फिल्म ‘द लास्ट लीयर’ में अमिताभ बच्चन शीर्षक भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म पंडितों के अनुसार इस फिल्म से भी अमिताभ संजय भंसाली की फिल्म ‘ब्लैक’ का जादू जगाने में कामयाब रहेंगे।
वैसे भी रितुपर्णो घोष के बच्चन परिवार से खासे अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय को ‘रेनकोट’ और ‘चोखेर बाली’ में निर्देशित किया तो अभिषेक बच्चन को ‘अंतरमहल’ में। बचे रह गए थे अमिताभ बच्चन जिन्हें वे ‘द लास्ट लीयर’ में लाने में सफल रहे।
प्लानमैन मोशन पिक्चर्स की इस फिल्म के पहले प्रोमो जिसने भी देखे हैं वह बिग बी की तारीफ करते नजर आ रहा है। उन्हें लग रहा है कि बिग बी इसमें ‘ब्लैक’ से आगे का जादू बिखरते नजर आएंगे। गौरतलब है कि फिल्म में उनके अलावा अजरुन रामपाल और प्रीति जिंटा भी हैं।