News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की जज जस्टिस निर्मलजीत कौर के घर बुधवार को 15 लाख रुपए का पैकेट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जिनमें हरियाणा के एडिशनल एडवोकेट जनरल संजीव बंसल, उनका मुंशी प्रकाश राम तथा दिल्ली का एक कारोबारी रवींद्र सिंह शामिल हैं।
अपनी तरह के इस पहले मामले में चंडीगढ़ के वरिष्ठ विधि सलाहकार अनुपम गुप्ता की राय पर पुलिस ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा-8,9 और आईपीसी की धारा-120 बी के तहत यह एफआईआर दर्ज की है।
किसे दी जानी थी रकम ? : पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि 15 लाख रुपए की यह रकम हाईकोर्ट के जज को दी जानी थी या किसी और को। चंडीगढ़ के एएसपी मधुर वर्मा ने कहा कि यह पैसा ‘पब्लिक सर्वेट’ को दिए जाने के लिए गया था। उन्होंने पब्लिक सर्वेट का नाम नहीं बताया।
संजीव बंसल ने यह कहा था कि पैसा प्रॉपर्टी के एक सौदे का बयाना था, जो सेक्टर-18 के निर्मल सिंह को दिया जाना था और गलती से उनका मुंशी जस्टिस निर्मलजीत कौर के यहां दे आया। बुधवार रात को एक पैकेट जस्टिस निर्मलजीत कौर के घर पर दिया गया, जिसे वहां तैनात संतरी ने खोल लिया था। नोटों की गड्डियां देखकर उसने जस्टिस कौर को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस बुला ली।
कॉल डिटेल :
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने संजीव बंसल की कॉल डिटेल हासिल कर ली है। इसमें बुधवार की रात ही किसी जस्टिस से बात होने की भी पुष्टि हुई है, हालांकि उस दौरान बंसल की फोन की टावर लोकेशन शहर से बाहर की बताई जा रही है।
‘प्राथमिक जांच में पाया गया कि यह रकम रिश्वत के लिए ही इस्तेमाल हो रही थी। इस मामले में कुछ और लोगों के नाम भी आने की संभावना है।’ -मधुर वर्मा (एएसपी)