सतनाली मंडी (नारनौल).हरियाणा में राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव में नियुक्त किए जा रहे सफाई कर्मचारियों के लिए उनकी ही जाति के लोग मुसीबत बन गए हैं। यहां के धानक समाज ने नारनौल के गांव डीगरोता में सफाईकर्मी के पद पर नियुक्त हुए दो लोगों को नाली साफ करने पर जाति से बाहर करने की चेतावनी दी है।
धानक जाति के सतबीर और सुरेश को अगस्त में डीगरोता में साफ-सफाई के लिए तैनात किया गया था। इसका पता चलते ही इस जाति के लोगों ने शुक्रवार को गांव में एक पंचायत बुलाई थी, जिसमें 17 गांवों की पंचायत के मुखिया मौजूद थे। पंचायत ने नाली साफ करने को घृणित बताते हुए सतबीर और सुरेश को एक सप्ताह के भीतर यह काम छोड़ने का फरमान सुनाया है। फैसले पर अमल न करने पर पंचायत ने दोनों का सामाजिक बहिष्कार करने का भी एलान किया है।
पंचायत में सतबीर और सुरेश मौजूद नहीं थे। दोनों ने ‘भास्कर’ को बताया कि उन्हें बहुत मुश्किल से काम मिला है। इससे वे अपना-अपना परिवार पाल रहे हैं इसलिए यह काम नहीं छोड़ सकते हैं।