जयपुर/किशनगढ़ रेनवाल. किशनगढ़-रेनवाल में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे यात्रियों से खचाखच भरी रोडवेज बस व ट्रक की भिड़ंत में 11 यात्रियों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। इनमें १2 गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण तेज गति से जोबनेर की तरफ जा रहा ट्रक दांतारामगढ़ से जयपुर जा रही बस से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक व एक अन्य व्यक्ति के सिर धड़ से अलग हो गए।
टक्कर के बाद दोनों वाहन मोड़ पर एक दुकान में जा घुसे। आठ लोगों की वहीं मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में दम तोड़ा। बस में अधिकांश यात्री राखी के बाद घरों को लौट रहे थे। 12 गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल को रैफर कर दिया गया। तीन घायलों को उनके परिजन अपने वाहनों से एसएमएस अस्पताल ले गए।
मृतकों के नाम : नांदरी निवासी छगनलाल शर्मा (50), अमरावाली ढाणी निवासी पवन कुमावत (30), रलावता निवासी मोहनलाल ऐचरा (३७), रेनवाल निवासी ओमप्रकाश पारीक (३७),रणजीतपुरा रेनवाल निवासी लक्ष्मण मीणा (३५),रेनवाल निवासी सुवालाल रैगर (५५), दांतारामगढ़ के गांव श्रीरामपुरा निवासी बजरंगलाल जाट, जैतपुरा निवासी नानूराम जाट, करणीपुरा निवासी मुकेश (20) पुत्र मोहनलाल रैगर, दांतारामगढ़ निवासी मालीराम जांगिड़ (३५)व अमरावती ढाणी निवासी तीजा देवी कुमावत (50)। इनमें मुकेश रैगर, मालीराम व जीता देवी की मृत्यु जयपुर के एसएमएस अस्पताल में हुई।
अस्पताल में भर्ती : महेन्द्र शर्मा निवासी उमाड़ा, रुकमा पुत्री हनुमान जाट निवासी डयोडारामसिंह पुरा, नारायण पुत्र लखाराम जाट निवासी कल्याणपुरा, सांवरमल पुत्र रामबक्ष अग्रवाल निवासी दांतारामगढ़, मुकेश सोमानी निवासी खाचरियावास, दयालचंद कुमावत निवासी रेनवाल, हेमराज घीया निवासी रेनवाल, गिरधारी रैगर निवासी दांतारामगढ़, विमला पत्नी रामेश्वर निवासी दांतारामगढ़ व कैलाश कुमावत निवासी रेनवाल। राकेश पुत्र ईश्वरलाल शर्मा निवासी दांतारामगढ़ और सुरेश पुत्र बाबूलाल निवासी छोटीडूंगरी किशनगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं।