bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जयपुर में पकड़ा हथियारों का जखीरा

जयपुर. suspect जयपुर पुलिस ने सोमवार को 7 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 विदेशी बंदूकों सहित 10 हथियार और 50 कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे।

बताया जाता है कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर ये हथियार उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश से मंगवाए गए थे। इनमें 3 विदेशी बंदूकें श्रीगंगानगर फर्जी हथियार लाइसेंस प्रकरण में फरार चल रहे चंद्रशेखर से खरीदी गई थीं। आरोपियों के पास से पुलिस ने बिना नंबर की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी बरामद की हैं।

पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज प्रथम पी.के.सिंह ने बताया कि पुलिस को अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के शहर में सक्रिय होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक जयपुर शहर दक्षिण भूपेंद्र साहू के निर्देश पर आईजी रेंज प्रथम क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट (सीआईयू) प्रभारी उप अधीक्षक रामसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था, जिसने गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी : चंदवाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर डालचंद यादव (27) निवासी गांव रुडल। उसके पास से पहले भी देशी पिस्तोल, देशी रिवॉल्वर, देशी कट्टा व 13 कारतूस बरामद किए गए थे। उसके खिलाफ 5 मामले दर्ज हैं।

हरिसिंह (30) निवासी गांव हुकमपुरा गुढ़ागौड़जी (झुंझुनू), कैलाश चौधरी (24), बंटी उर्फ जितेंद्र यादव (27), सोहनलाल शेरावत (27) निवासी गांव हाड़ौता (चौमूं), मुकेश यादव (24) निवासी रामनगर नयाकुआ गोविंदगढ़ और चौमूं निवासी भीम सिंह (27)।

बरामद हथियार : हरिसिंह के पास से पुलिस ने 32 बोर का अमेरिकी कंपनी स्मिथ एंड वैसन का रिवॉल्वर, अमेरिका में बनी 351 बोर की राइफल व इंग्लैंड में बनी 16 बोर की बंदूक बरामद की। डालचंद के पास से पुलिस ने 7.65 बोर का एक रिवॉल्वर व 7.65 एमएम के 8 कारतूस, कैलाश चौधरी के पास से एक माउजर व 7.65 एमएम के 28 कारतूस, बंटी के पास से एक माउजर व 7.65 एमएम के 10 कारतूस, मुकेश के पास से एक माउजर व 7.65 एमएम के दो कारतूस, सोहनलाल शेरावत के पास से 315 बोर के दो देशी कट्टे तथा भीमसिंह के पास से 32 बोर का एक देशी रिवॉल्वर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा हरिसिंह व डालचंद के पास से बिना नंबर की दो स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है।

पांच लाख में खरीदे थे तीन विदेशी हथियार
हरिसिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने तीन-चार माह पहले गंगानगर फर्जी आर्म्स लाइसेंस प्रकरण में फरार चल रहे बीकानेर निवासी चंद्रशेखर से तीनों विदेशी हथियार 5 लाख रुपए में चुनाव नजदीक आने के कारण खरीदे थे।

प्रतिबंधित रिवॉल्वर भी मिला
हरिसिंह के पास 38 बोर का प्रतिबंधित रिवॉल्वर मिला है, जो सेना व पुलिस के पास ही होता है। आरोपियों ने इस रिवॉल्वर में बदलाव कर इसे 32 बोर में बदल दिया तथा बट पर लिखे सीरियल नंबर मिटा दिए। पुलिस का मानना है कि यह सेना या किसी सिपाही से चुराया है।

इस टीम ने पकड़ा
आईजी रेंज सीआईयू के उप अधीक्षक रामसिंह तथा झोटवाड़ा डिप्टी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में सीआईयू के एसआई विक्रम सिंह, एएसआई रामसिंह, सज्जन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश, पुरुषोत्तम, सरदारमल, उमराव, जोरावर सिंह, गुलजारी, कांस्टेबल महिपाल, रामसिंह, जगदीश, सुरेंद्र तथा चालक हीरालाल व सुरेन्द्र सिंह सहित झोटवाड़ा, मुरलीपुरा एवं करघनी थाना पुलिस को शामिल किया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: