bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

फिर भाजपा सरकार बनी तो तीन प्रतिशत ब्याज पर कर्ज

ग्वालियर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनी तो किसानों को पांच के बजाय मात्र तीन प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज देंगे। घाटे की खेती को मुनाफे की खेती बनाने में भाजपा सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

श्री चौहान ने सोमवार को मोहना पुलिस थाना प्रागंण में आयोजित 183 करोड़ रुपए की अपर ककेटो बांध परियोजना के भूमि पूजन समारोह में कहा कि मप्र का विकास कैसे हो, किसानों की जमीन कैसे सिंचित हो, इसकी चिंता भाजपा सरकार को है। इसी दिशा में अपर ककेटो बांध और कनेर परियोजना का शिलान्यास एक प्रयास है।

इन योजनाओं से किसानों की जिदंगी बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि कोई किसान अपने खेत में ट्यूवबेल खुदवाता है तो उसे खर्च का आधा धन प्रदेश सरकार उपलब्ध कराएगी। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की एक इंच जमीन को भी असिंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की आंखों में न आंसू आने देंगे और न ही उनके मन को कष्ट होने देंगे। मप्र सरकार गरीबों की है, पैसा और इलाज के अभाव में किसी की जान न जाए, इसके लिए उन्होंने अपनी स्वेच्छानुदान राशि दो करोड़ से बढ़ाकर दस करोड़ कर दी है। श्री चौहान ने जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सिंचाई के क्षेत्र में रिकार्ड काम हुए हैं। श्री मिश्रा ने प्रदेश में सिंचाई की योजना को जाल बिछाने का काम किया है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि श्री चौहान, अध्यक्षता कर रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और विशिष्ट अतिथि जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, विधायक ध्यानेन्द्र सिंह,बीज निगम के उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत व भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बज्जर सिंह गुर्जर ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री आर आर रघुवंशी आदि ने किया।

कार्यक्रम का संचालन डीसी जैन एवं आभार व्यक्त क्षेत्रीय विधायक बृजेन्द्र तिवारी ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता दीपक वाजपेयी, भाजयुमो के ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास साहू, सूर्यभान सिंह पवैया, किशोर जैन, प्रमेन्द्र शर्मा, आदि उपस्थित थे।

अच्छा काम कांग्रेसियों को रास नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि अब तो कांग्रेसियों को सपने में भी वे ही नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि मैं कहता हूं कि गरीबी हटाओ, महंगाई हटाओ, तो कांग्रेसी कहते हैं कि शिवराज हटाओ। मैं कहता हूं कि बेटी को वरदान बनाओ, कांग्रेसी कहते हैं शिवराज हटाओ। कोई भी अच्छा काम करो, कांग्रेस उनके इस्तीफे की मांग करने लगती है।

किसान का जीवन खेत:मिश्रा
जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने भूमि पूजन समारोह में कहा कि किसान का जीवन खेत और खेत का जीवन पानी है। अपर ककेटो बांध परियोजना से 33 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी, इसके अलावा आसपास की जनता को पीने के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: