News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मध्य प्रदेश में स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया(सिमी) के नेटवर्क को ध्वस्त करेंगे, इस दिशा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पूर्व में भी सिमी के नेताओं के खिलाफ प्रदेश में पुलिस कार्रवाई कर चुकी है, आगे भी जारी रहेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सोमवार को अपर ककेटो बांध परियोजना के भूमि पूजन समारोह के बाद मोहना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में सिमी अपनी गतिविधि तेज न करने पाए, इस दिशा में मप्र पुलिस प्रयासरत है। सिमी नेताओं के खिलाफ पूर्व में पुलिस ने कार्रवाई की है। मप्र पुलिस गुजरात पुलिस के सम्पर्क में है, सिमी संगठन के कार्यकर्ताओं को कतई नहीं बख्शा जाएगा।
जिले में स्कूली बालिकाओं को मात्र तीन प्रतिशत साइकिल वितरण के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री का कहना था कि ऐसा नहीं हैं कई जिलों में अस्सी प्रतिशत तक साइकिलें बांटी जा चुकी है।
नई व्यवस्था की जा रही है कि बालिकाएं चाहें तो स्वयं साइकिल खरीद सकती है, पालक शिक्षक संघ से कहा गया है कि वह साइकिल निर्माताओं से चर्चा करे और एक साथ साइकिल मंगवाकर छात्राओं को बांट दे। अभी तक छात्राओं को साइकिल के लिए दो हजार रुपए दिए जाते थे, जो बढ़ाकर चौबीस सौ रुपए कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और वे स्वयं अगले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार हैं। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं हैं, वह प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्र्यो को पचा नहीं पा रही है। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि केन्द्र सरकार की महंगाई से त्रस्त जनता प्रदेश में भाजपा की पुन: सरकार बनवाकर विकास करने का एक और मौका देगी।