News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. शिक्षक पद पर संविलियन की मांग को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार कर धरने पर बैठे शिक्षाकर्मी मंगलवार को जमीन पर लोटते हुए सीएम हाउस जाएंगे। वे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग पूरी करने का आग्रह करेंगे।
शालेय शिक्षाकर्मी संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे और संजय तिवारी ने बताया कि संयुक्त शिक्षाकर्मी संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन के नेतृत्व में पांच शिक्षाकमियों का प्रतिनिधि मंडल सीएम हाउस जाएगा। वे आकाशवाणी चौक कालीमंदिर में दोपहर 1 बजे पूजा अर्चना के बाद सीएम हाउस के लिए रवाना होंगे। पांच शिक्षाकर्मी लोट-लोट कर आगे बढ़ेंगे, उनके पीछे पूरा काफिला होगा।
शिक्षाकर्मी संघ के नेताओं का कहना है कि हम केवल ज्ञापन सौंपने जा रहे हैं। सीएम हाउस के सामने किसी तरह का प्रदर्शन नहीं होगा। इधर, शिक्षाकर्मियों के दूसरे गुट छत्तीसगढ़ शिक्षाकर्मी संघ ने सोमवार को धरना स्थल पर सद्बुद्घि यज्ञ करवाया।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय शर्मा और आंदोलन संचालन समिति के वाजिद खान ने बताया कि भाजपा के नेताओं ने चुनाव के पूर्व अपने संकल्प पत्र में संविलियन का वादा किया था। अब शासन में बैठने के बाद नेता वादा भूल चुके हैं। यज्ञ के जरिये उन्हें सद्बुद्घि दिलाने प्रार्थना की गई। संघ नेताओं ने कहा कि 21 अगस्त को शिक्षाकर्मी मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्यभर के शिक्षाकर्मी तीनों गुटों के नेतृत्व में 10 दिनों से कक्षाओं का बहिष्कार करके धरने पर बैठे हैं। वे शिक्षक पद पर संविलियन करने की जिद पर अड़े हैं। करीब 1 लाख शिक्षाकर्मियों की हड़ताल से स्कूलों में पढ़ाई ठप है।
तालाबंदी नहीं-डीपीआई
शिक्षा संचालक निधि छिब्बर का दावा है कि राज्य के किसी भी स्कूल में तालाबंदी की स्थिति नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारियों(डीईओ) को इसके समाधान के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। जिन स्कूलों में शत-प्रतिशत शिक्षाकर्मी हैं, वहां किसी अन्य स्कूल के शिक्षक या सहायक शिक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। डीईओ के माध्यम से यह व्यवस्था की गई है। इस सिस्टम पर अमल करने के कारण मध्यान्ह भोजन भी प्रभावित नहीं हो रहा है।