bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

लोगों ने मंत्री, सचिव और महापौर का पानी उतारा

जयपुर. दूषित पानी से बीमार लोगों का हाल जानने के बाद बुधवार को कावंटिया अस्पताल से बाहर निकल रहे जलदाय मंत्री सांवरलाल जाट, महापौर अशोक परनामी, विधायक मोहनलाल गुप्ता व जलदाय विभाग के अधिकारियों को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा।

अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों व युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों का घेराव कर सरकार व विभाग के विरोध में नारेबाजी की। हालांकि बाद में यह तो किसी तरह यहां से निकल गए, लेकिन लोगों ने जलदाय विभाग के शासन सचिव जीएस संधू को आधे घंटे तक रोककर खरी-खोटी सुनाई। बाद में संधू बचते-बचाते बाहर सड़क पर आकर पुलिस की जीप में निकल गए।

युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज शर्मा, विजय शंकर तिवाड़ी व प्रदेश सचिव नवरतनसिंह भनूड़ा, सुरेश बागड़ा, पार्षद इम्तियाज गौरी सहित अन्य लोग मंत्री की गाड़ी के सामने आ गए। इस पर मंत्री के साथ गए भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख सांवरलाल, परनामी व गुप्ता वहां से निकल गए। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने संधू व विभाग के तकनीकी सदस्य डीसी भारद्वाज की गाड़ी को रोक लिया। इससे शासन सचिव को गाड़ी से उतरना पड़ा।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता (योजना) ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ तो संधू तेजी से अस्पताल के अंदर गए और गलियारे से होकर दूसरे गेट से निकलने का प्रयास करने लगे। वहां भी लोगों ने उन्हें बीच में ही घेर लिया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

संधू ने मंत्री के बयान का हवाला देते हुए तथा जांच करने का आश्वासन देते हुए पीछा छुड़ाने की कोशिश की लेकिन लोग नहीं माने। इस पर संधू फिर लोगों से बचने के लिए अस्पताल से बाहर आ गए, लेकिन वहां भी आक्रोशित लोगों ने उनको गाड़ी में नहीं बैठने दिया तो वे अस्पताल परिसर से बाहर सड़क पर आ गए। आखिरकार पुलिस की जीप से निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों की एक न चली।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: