News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
रमन सरकार को सत्ता से हटाने के लिए प्रदेश कांग्रेस की गद्दी छोड़ो यात्रा आज से शुरू हो गई। गांधी मैदान में यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री व केंद्रीय राज्यमंत्री वी. नारायण सामी ने ऐलान किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी गरीब परिवारों को दो रुपए किलो की दर से चावल दिया जाएगा। यह बात कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल की जाएगी।
श्री सामी ने रमन सरकार पर करारे प्रहार करते हुए कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि रमन सरकार घोटालों की सरकार हो गई है। हर विभाग में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं। यह सरकार रहेगी तो प्रदेश का सत्यानाश करेगी। साढ़े चार साल तक इस सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया।
केंद्र सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने के लिए 70 हजार करोड़ रुपए खर्च किए तो मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह अब किसानों के नाम पर नाटक कर रहे हैं। चुनाव के तीन महीने पहले मुख्यमंत्री तीन प्रतिशत ब्याज की दर पर लोन देने की बात कर रहे हैं। अब किसानों के वोट की चिंता सता रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और गरीबों के हितों की रक्षा केवल कांग्रेस पार्टी कर सकती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि गद्दी छोड़ो यात्रा के साथ ही राज्य में कांग्रेस का चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। कांग्रेस का यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि रमन सरकार को सत्ता से उखाड़ नहीं फेंकते।
रमन सरकार के खिलाफ प्रदेश में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस ने आज से चार अलग-अलग यात्राएं शुरू की हैं। इन यात्राओं की कमान प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास महंत व सत्यनारायण शर्मा और नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा के साथ अरविंद नेताम ने संभाली है।
चारों यात्राओं के लिए चार बसों में कांग्रेस नेता रवाना हुए। रास्ते में उनकी जगह-जगह सभाएं होंगी। बताया जा रहा है कि 10 दिन की गद्दी छोड़ो यात्रा में 150 से अधिक सभाएं होंगी। 30 अगस्त को चारों यात्राएं राजिम पहुंचेंगी। वहां यात्रा का समापन होगा। चारों यात्राएं यहीं एकत्र होंगी और फिर सभा होगी।