bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

पखवाड़ा मर्डरवाला

बिलासपुर. कानून व्यवस्था के लिहाज से पिछला पखवाड़ा जिले के लिए काफी खराब गुजरा। इन पंद्रह दिनों मे जिले में 9 मर्डर हुए। शांत शहर मानी जाने वाली संस्कारधानी में दो स्थानों पर गोलियां चलीं। दो लोगों का अपहरण हो गया, जिनमें से एक की हत्या कर लाश को फेंक दिया गया था।

इसके अलावा अचानकमार बेरियर मे राहगीरों पर पथराव कर उनसे लूटपाट की कोशिश हुई, तो शहर मे भी सिम्स व अपोलो अस्पताल मे हंगामा मचा। साथ ही पिछले पखवाड़े में चोरों का धंधा भी खूब चमका।

हंगामेदार पखवाड़े की शुरुआत 5 अगस्त से हुई। इस दिन मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम दानीपुंडी मे शराब के नशे में धुत सुधनाम सिंह गोंड़ ने शराब पीने के लिए रुपए न देने पर अपनी पत्नी ललिता बाई को जिंदा जला दिया था। 8 अगस्त को पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवरा में एक खेत में दो वकीलों की लाश मिली।

पुलिस को हत्यारों के संबंध मे अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। 10 अगस्त को जिला पंचायत क्लर्क मिर्जा जाकिर बेग ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रांसपोर्टर सतीश सिंह का प्रताप टाकीज चौक के पास से अपहरण कर लिया था। दो दिन बाद सतीश की लाश ग्राम परसदा में एक डबरी में पड़ी हुई मिली। निर्वस्त्र शव में जगह-जगह मारपीट से चोट के निशान थे।

11 अगस्त को कोनी में शिवशंकर गढ़ेवाल को दिनदहाड़े रवीन्द्र, राजेन्द्र व संजय श्रीवास ने गोली मार दी। सिर मंे गोली लगने से घायल शिवशंकर ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया। राजेंद्र और संजय तो गिरफ्तार हो गए, पर गोली चलाने वाला रवीन्द्र अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। इसी दिन जमीन विवाद को लेकर गौरी गणोश निवास बिल्डर्स के संचालक अजय शुक्ला ने जिला पंचायत के चपरासी कुसऊराम का अपहरण कर लिया था। बाद में फर्जी कागजातों पर उसके जबरन दस्तखत लेकर उसे छोड़ दिया गया।

13 अगस्त को चिल्फी चौकी अंतर्गत ग्राम हरदी में दिल दहला देने वाली घटना हुई। 65 वर्षीय बजरहीन बाई, उसके 10 वर्षीय पोते राजकुमार और 5 वर्षीय पोती कांति की लाश उनके घर में मिली। तीनों लाशों के सिर धड़ से लगभग अलग थे और काफी दिनों तक पड़े होने की वजह से शवों मंे कीड़े लग चुके थे।

14 अगस्त को तखतपुर थानांतर्गत ग्राम पुरा निवासी रामलाल यादव ने तब्बल से वार कर अपनी साली कांतिबाई की हत्या कर दी और बाद में खुद फांसी पर झूल गया। 17 अगस्त को भैयालाल साहू ने इमलीपारा में दिनदहाड़े अपनी भाभी पर गोली चला दी थी। घायल महिला का सिम्स में इलाज जारी है।

बरपा हंगामा
बीते पखवाड़ा जिले के लिए हंगामेदार रहा। 17 अगस्त को चंद्रग्रहण पर अमरकंटक स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं पर बैगा बाबा मंदिर और शिवतराई के बीच पथराव किया गया। हड़बड़ाकर रुके राहगीरों से लूटपाट की कोशिश भी की गई। बाद में नाराज राहगीरों ने अचानकमार और लमनी बेरियर में तोड़फोड़ और आगजनी भी की थी।

18 अगस्त की रात गांधी चौक के पास शराब ठेकेदार के गुर्गो ने टिकरापारा निवासी नौशाद खान और राकेश यादव को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें राकेश के सिर में गंभीर चोट आई। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए युवकों को थाने का घेराव करना पड़ा। अगले दिन 18 अगस्त को इन्हीं घायलों के परिजन और सिम्स के जूनियर डाक्टरों के बीच मारपीट हो गई। इससे देर रात तक वहां हंगामा मचा रहा। शहर के सभी थानों से फोर्स बुलवानी पड़ी थी। इससे पहले 9 अगस्त को वाहनों की जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारी पर एक युवक ने लात चला दी। जवाबी थप्पड़ के बाद नाराज युवकों ने बस स्टैंड में चक्काजाम और काफी देर तक हंगामा मचाया था।

चोरों की पौ बारह!
पिछले पखवाड़े में चोरों ने पुलिस की नाक में दम कर दिया। गौरेला में धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरियांे से नाराज नागरिकों ने 9 अगस्त को गौरेला बंद का आह्वान किया था। अब तक इन चोरियों का मामला नहीं सुलझा है और बंद के बाद भी कुछ धार्मिक स्थलों में चोरों ने धावा बोला। 7 अगस्त को दयालबंद मेन रोड में स्थित एक सेनेटरी दुकान का ताला टूटा। चोरों ने दुकान से तकरीबन 1 लाख रुपए का माल उड़ा दिया। साथ ही वहां पड़े गत्तों मंे आग लगा दी।

खुशकिस्मती से आग भड़की नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। 17 अगस्त को मधुबन मंे अपनी बेटी को ससुराल छोड़ने आए रिटायर्ड अपर कलेक्टर की कार से चोरों ने उनकी पत्नी का पर्स पार कर दिया। पर्स में नगदी व जेवरात मिलाकर 80 हजार रुपए का माल था। 18 अगस्त को एनटीपीसी के डीजीएम पर्सनल वीके अग्रवाल के घर का कुंदा उखाड़कर चोरों ने तकरीबन 3 लाख रुपए के जेवरात पार कर दिए। ‘वेलकम’ एसपी साहब
इसे संयोग ही कहा जा सकता है कि शहर के नए पुलिस अधीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने इस हंगामेदार पखवाड़े मंे ही पदभार संभाला है। श्री सिन्हा ने 7 अगस्त को ज्वाइनिंग ली थी। क्राइम का ग्राफ एकाएक बढ़ने की वजह से कप्तान के सामने दिक्कतें पेश आ रही हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: