bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

पाकिस्तान में दो आत्मघाती हमले, 65 की मौत

इस्लामाबाद.इस्लामाबाद के निकट छावनी इलाके में दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 65 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तानी तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी ली है। वाह छावनी में स्थित पाकिस्तान आयुध कारखाना परिसर के मुख्य द्वार पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा दिया।

इसके करीब 30 सेकंड बाद ही दूसरे हमलावर ने प्रतिष्ठान के एक अन्य द्वार पर आत्मघाती विस्फोट किया।

आत्मघाती हमले दोपहर 2:30 बजे उस वक्त हुए जब कारखानों के सैंकड़ों असैन्य कर्मचारी इन दरवाजों से बाहर निकले रहे थे। टीवी चैनलों ने मृतकों की संख्या 65 से अधिक बताई है।

चैनलों ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि मृतक संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ऐतिहासिक शहर तक्षशिला के निकट स्थित वाह छावनी में 14 आयुध कारखाने हैं, जिनमें 35 हजार से ज्यादा लोग काम करते हैं।

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के सोमवार को इस्तीफा देने के बाद दूसरी बार आत्मघाती हमले हुए हैं। मंगलवार को डेरा इस्माइल खान में हुए फिदायीन हमले में 30 से अधिक लोग मारे गए थे।

इस बीच, पाकिस्तानी तालिबान ने आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ली है। गुट के प्रवक्ता मौलवी उमर ने अज्ञात स्थान से फोन पर हमले का दावा करते हुए कहा, ‘अफगान सीमा से लगे बजौर में सैन्य कार्रवाई के कारण यह हमला किया गया है। यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई तो हम ऐसे हमले जारी रखेंगे।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: