नई दिल्ली.उत्तरप्रदेश में भारी वर्षा के कारण मकान ढहने व वर्षाजन्य हादसों में 14 अन्य लोगों की मौत हो गई। गंगा, घाघरा, शारदा और सरयू आदि प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उधर, उत्तर बिहार में बाढ़ से उपजी स्थिति और खराब होने से सेना की मदद ली गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में वायुसेना के हेलीकाप्टरों से भोजन के पैकेट गिराए गए हैं।उत्तरप्रदेश में मकान ढहने व अन्य घटनाओं के कारण गुरुवार को सुबह समाप्त पिछले 24 घंटों में औरैया, गोंडा व सीतापुर में तीन-तीन, फैजाबाद व सिद्धार्थनगर में दो-दो और बस्ती में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
बस्ती में 15 गांव के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। जिले में 20 गांव पहले ही पानी में डूबे हुए हैं। गंगा नदी नरोरा व बलिया में, शारदा पालियाकला व शारदानगर में और अयोध्या में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।