bhaskar Web English
HomeNewsNational National

उत्तरप्रदेश में प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर

नई दिल्ली. उत्तरप्रदेश में भारी वर्षा के कारण मकान ढहने व वर्षाजन्य हादसों में 14 अन्य लोगों की मौत हो गई। गंगा, घाघरा, शारदा और सरयू आदि प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

उधर, उत्तर बिहार में बाढ़ से उपजी स्थिति और खराब होने से सेना की मदद ली गई है। प्रभावित क्षेत्रों में वायुसेना के हेलीकाप्टरों से भोजन के पैकेट गिराए गए हैं।

उत्तरप्रदेश में मकान ढहने व अन्य घटनाओं के कारण गुरुवार को सुबह समाप्त पिछले 24 घंटों में औरैया, गोंडा व सीतापुर में तीन-तीन, फैजाबाद व सिद्धार्थनगर में दो-दो और बस्ती में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई।

बस्ती में 15 गांव के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। जिले में 20 गांव पहले ही पानी में डूबे हुए हैं। गंगा नदी नरोरा व बलिया में, शारदा पालियाकला व शारदानगर में और अयोध्या में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

बिहार में वायुसेना की मदद : उत्तरी बिहार में वायुसेना के हेलिकाप्टरों ने भोजन और राहत सामग्री पीड़ितों तक पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। बाढ़ के कारण करीब 26 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इस इलाके में सड़कें पानी में डूबी हुई हैं और संचार के साधन ठप पड़े हैं।

असम : ब्रम्हपुत्र के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि से एशिया के सबसे बड़े नदी द्वीप मजुली के 160 गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। कांजीरंगा नेशनल पार्क का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ है।

दिल्ली : बारिश के कारण दिल्ली में गुरुवार की सुबह तापमान में गिरावट से लोगों को राहत महसूस हुई। सुबह तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि इसके पहले अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: