bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रमन की पसंद पर संगठन की मुहर

रायपुर. सत्ता व संगठन के प्रमुखों ने आज यहां बिलासपुर संभाग की विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया। पार्टी दो - दो नामों के पैनल तैयार कर रही है। बिलासपुर संभाग की सीटों के लिए भी दो-दो नाम तय किए गए।

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय और प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने एकात्म परिसर में बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर चांपा व रायगढ़ जिले की विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया।

बुधवार को सरगुजा संभाग की सीटों को लेकर मंथन हुआ था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन मुख्यमंत्री की पसंद को तवज्जो दे रहा है। संगठन ने हर विधानसभा सीट की रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट पर चर्चा के साथ मुख्यमंत्री के सुझाव भी लिए जा रहे हैं।

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर भी समीक्षा की जा रही है। जानकारों का दावा है कि सर्वे रिपोर्ट में करीब आधा दर्जन मंत्रियों की स्थिति कमजोर बताई गई है। इन मंत्रियों को टिकट देने पर फैसला दिल्ली में ही होगा। शुक्रवार को रायपुर संभाग की सीटों पर प्रत्याशी चयन के लिए विचार होगा।

बिना बुलाए पहुंची भीड़ : भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए टिकट का आवेदन नहीं लेने का निर्णय लिया है फिर भी सैकड़ों लोग एकात्म परिसर के बाहर डटे रहे। दूर - दराज से लोग अपना बायोडाटा लेकर पहुंचे। इन लोगों ने एकात्म परिसर में आते - जाते नेताओं को ही अपना आवेदन थमा दिया।

रविशंकर आज आएंगे : भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद शुक्रवार को रायपुर आ रहे हैं। वे यहां रायपुर संभाग के प्रत्याशी चयन को लेकर होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे।

प्रभारी बदले जाने का हल्ला : प्रदेश प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान नहीं आए। उनका प्रवास टलने को लेकर पार्टी में तरह - तरह की चर्चा है। माना जा रहा है कि भाजपा का प्रदेश प्रभारी बदल रहा है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में फेरबदल की कवायद चल रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: