bhaskar Web English
HomeMagazineSahitya Sahitya

कर्मचारी की मर्जी जाने बगैर ट्रांसफर न करें

मैनेजमेंट फंडा.इंसानी उपस्थिति से रहित एक विशाल इमारत, अनजान आवाजों और अजीब सी दरुगध समेत अकेलेपन का अहसास किसी भी नए घर में प्रवेश करते वक्त कई लोगों के लिए खासा मुश्किल साबित होता है। मेरे एक दोस्त जिन्होंने हाल ही में अपना घर बदला है तो उन्हें कोने में रखे अपने बुक शेल्फ की याद सताती रही। इससे भी ज्यादा उन्हें अपनी बिल्ली की याद सताती है।

अपने पहले वाले घर में जब वह आए तो उन्हें उसके दरवाजे पर वह बिल्ली का छोटा बच्च दिखा था, जो भूख से म्याऊं-म्याऊं कर रहा था। वह दूसरे अन्य बिल्ली के बच्चों से अलग था। झबरीले बालों वाले उस बच्चे में अक्खड़पन कुछ ज्यादा ही था। मेरे मित्र ने उसे जब गोद में उठाया तो उसने कोई ऐतराज नहीं जताया। मेरे मित्र ने उसे पुचकारते हुए जब उसके सिर और गर्दन पर हाथ फेरना शुरू किया तो उसने ऐसा जताया कि मानो उस वह सब कुछ बहुत अच्छा लग रहा है।

इस तरह यह सिलसिला चल निकला और वह बच्च लाड़-प्यार में पली हष्ट-पुष्ट बिल्ली में तब्दील हो गया, जो आस-पड़ोस की सभी बिल्लियों से झगड़ा करती रहती थी। इस फेर में वह कभी-कभी खुद को घायल करवा कर भी लौटती थी और दरवाजे पर खड़ी होकर मित्र द्वारा पुचकारे जाने और उपचार कराने की इंतजार करती थी। उस बिल्ली को लेकर मेरे मित्र ने जानवरों को डॉक्टर के यहां भी कई चक्कर लगाए।

कुछ समय बाद जब मित्र ने अपना घर बदलने का निश्चय किया तो उसने यह मान लिया कि बिल्ली भी साथ चलेगी। नए घर में अजीबो-गरीब आवाजों और अहसास के कारण एक दिन बिल्ली गायब हो गई, तो उसने सोचा कि कुछ दिन बाद जब स्थिति सामान्य हो जाएगी तब वह घर लौट आएगी।

कुछ दिन बाद स्थितियां तो सामान्य हो गई, लेकिन दुर्भाग्य से बिल्ली नहीं लौटी। मेरे दोस्त ने उसे ढूंढने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं निकला। बिल्ली कहीं और जा चुकी थी। मेरा दोस्त अपने नए घर में बिल्ली के बगैर रह रहा और उसकी स्थिति ऐसी हो गई थी कि मानो उसका बहुत कुछ छिन गया हो।

बिल्ली ही की तरह कर्मचारी भी होते हैं। उनका भी अपना कम्फर्ट जोन होता है। अगर आप ऐसा समझते हैं कि आप जहां-जहां भी नया ऑफिस खोलेंगे, वे आपके साथ-साथ आएंगे, तो हो सकता है कि कुछ ऐसा न करें। इसमें बुरा मानने की कोई बात नहीं है। उन्हें वहीं रहना अच्छा लगता है जहां उन्हें सुकून का अहसास हो। ऐसे में आप भी एक नई बिल्ली की खोज कर लें।

आशय यह है कि नए कर्मचारी रख लें और उन्हें अपने संस्थान के विकास में सब कुछ झोंक देने लायक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ें। अगर आपका कोई कर्मचारी तबादला नहीं चाहता है तो उसके साथ जबरदस्ती न करें और न ही इसके लिए उसे सजा दें।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: