जयपुर.
जन्माष्टमी पर्व रविवार को शहरभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह गोविंददेवजी मंदिर में होगा और शहर के अन्य मंदिरों में भी भगवान कृष्ण की झांकियां सजाई जाएंगी। गोविंददेवजी से सोमवार को शोभायात्रा निकाली जाएगी।
जन्माष्टमी पर्व के लिए गोविंददेवजी मंदिर में दर्शनार्थियों की सुरक्षा के साथ ही दर्शनों की विशेष व्यवस्था की गई है। इससे पहले शुक्रवार को ठाकुरजी को मोतियों के बंगले में विराजमान किया गया और जाने-माने भजन गायक ने कृष्ण के भजन सुनाए।
मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी के अनुसार ठाकुरजी श्रीगोविंददेवजी को शुद्ध सिल्क में जरी वर्क से पीले रंग की पोशाक धारण कराई जाएगी। इस मौके पर भक्तों के लिए प्रसादी में सागाहारी लड्डू और पंजीरी का वितरण किया जाएगा।
जिला कलेक्टर प्रवीण गुप्ता ने आदेश जारी कर मंदिर परिसर में 25 अगस्त तक के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। कंट्रोल रूम के सुचारु संचालन के लिए अधिकारी दो पारियों में कार्य करेंगे।
जन्माष्टमी आज भी : स्मार्तजन जन्माष्टमी पर्व शनिवार को मनाएंगे। पंडित बंशीधर जयपुर पंचांग निर्माता दामोदर शर्मा के अनुसार जन्माष्टमी पर्व दो दिन मनाया जाता है। स्मार्तजन इसे अष्टमी के दिन मनाते हैं। वहीं वैष्णवजन उदीयात में इस पर्व को मनाते हैं। दामोदर शर्मा के अनुसार अष्टमी शनिवार शाम 6:26 बजे से शुरू हो जाएगी, जो अगले दिन शाम 4:12 बजे तक रहेगी। गोविंददेवजी मंदिर में उदीयात अष्टमी के मौके पर जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा। महावीर नगर के अयप्पा मंदिर में जन्माष्टमी पर्व शनिवार को मनाया जाएगा।
अन्य जगहों पर भी होंगे आयोजन
कृष्ण नवयुवक मंडल रामजीपुरा की ओर से मालवीय नगर के रामजीपुरा स्थित राधामोहन मंदिर में रासलीला और बाबा अमरनाथ की झांकी सजाई जाएगी। इसमें कुष्ण सुदामा चरित्र, कारागार में कृष्ण जन्म, कृष्ण दरबार, माखन चोरी की विशेष झांकियां होंगी।
बनीपार्क स्थित बरसाना में महोत्सव के तहत अखंड रामायण पाठ होंगे। दुर्गापुरा के राधामोहन मंदिर,चौड़ा रास्ता स्थित मदन गोपाल मंदिर,मूर्तिकला कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर, इस्कॉन की ओर से मानसरोवर के धौलाई ग्राम के गिरधारी दाऊजी मंदिर में महोत्सव मनाया जाएगा।
मजिस्ट्रेट नियुक्त : शांति व कानून व्यवस्था के लिए जिला मजिस्ट्रेट व जिला कलेक्टर प्रवीण गुप्ता ने जन्माष्टमी के लिए 12 और शोभायात्रा के लिए पांच मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।