जयपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्री टीचर एंट्रेंस टेस्ट (पीटीईटी) का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। कला वर्ग में कौशल जायसवाल (भीलवाड़ा) 600 में से 492 अंक हासिल कर टॉपर रहे।
विज्ञान वर्ग में मनोज कुमार शर्मा (भीलवाड़ा) 499 अंक तथा वाणिज्य वर्ग में रेखा टेलर (अजमेर) 452 अंकों के साथ वरीयता सूची में पहले स्थान पर रहे। शिक्षामंत्री कालीचरण सराफ ने परिणाम घोषित किया।
कुलपति लोकेश शेखावत ने बताया कि परीक्षा में 60,109 सीटों के लिए 2 लाख 92 हजार परीक्षार्थी बैठे। छात्रों को वरीयता क्रम में जोधपुर में 6 सितंबर से होने वाली काउंसलिंग से 524 कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा।
पीटीईटी के समन्वयक प्रो. आर.एल.माथुर ने बताया कि काउंसलिंग से पूर्व कुछ और कॉलेजों को मान्यता मिलती है तो सीटें बढ़ेंगी।
परेशान रहे छात्र-अभिभावक: परिणाम को लेकर छात्र-अभिभावक शुक्रवार को दिनभर परेशान रहे। विवि की ओर से सूचित किया गया था कि सवेरे 10 बजे बाद परिणाम वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा, लेकिन शाम तक परिणाम उपलब्ध नहीं हो सका।