News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तीसरे दिन भी जारी रही। आज बस्तर संभाग के दंतेबाड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव व कांकेर संगठन जिलों की सीटों पर विचार हुआ।
पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी शाम को रायपुर पहुंचे और सीधे बैठक में व्यस्त हो गए। एकात्म परिसर में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह पहले से ही जिला पदाधिकारियों, विधायकों व सांसदों से चर्चा कर रहे थे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक जिला अध्यक्षों से प्रत्येक सीट के लिए दावेदारों की सूची मांगी गई। दंतेवाड़ा व जगदलपुर जिला कमेटियों ने तीन-तीन नामों के पैनल सौंपे हैं। वरिष्ठ सांसद बलीराम कश्यप ने अपने दो बेटों केदार कश्यप व दिनेश कश्यप के लिए टिकट मांगा है। यहीं से सुभाषराव और संतोष बाफना भी दावेदार हैं। सत्ता व संगठन प्रमुखों ने गंभीर व जीतने योग्य प्रत्याशियों के बारे में भी जिला पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान बस्तर से कई लोग बायोडाटा लेकर बाहर खड़े देखे गए।
विपक्ष पर निगाह
चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद ने रमन सरकार के खिलाफ कांग्रेस की गद्दी छोड़ो यात्रा के बारे विस्तार से खबर ली। उन्होंने पूछा कि यात्रा में कितनी भीड़ जुट रही है। सरकार की विकास यात्रा से इसकी तुलना भी की गई। सूत्रों का कहना है कि हर विधानसभा सीट से कांग्रेस व अन्य दलों के संभावित प्रत्याशियों की सूची भाजपा ने तैयार कर ली है। उसे ध्यान रखकर ही प्रत्याशी तय किए जा रहे हैं।
बड़ी सभाएं होंगी
प्रदेश भाजपा ने सितंबर से जिले वार बड़ी सभाएं आयोजित करने का फैसला लिया है। आज बैठक में कार्यक्रम के लिए स्थान भी तय किए गए। बताया गया है कि पार्टी के केंद्रीय नेता सभाओं को संबोधित करेंगे। बैठक में चुनावी तैयारी की भी समीक्षा की गई।
आडवाणी के कार्यक्रमों की तैयारी
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी 26 अगस्त को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे कोरबा व रायपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। आज बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
आडवाणी का विरोध करेगी कांग्रेस
कोरबा में नए पावर प्लांट के शिलान्यास के दौरान श्री आडवाणी को कांग्रसियों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। बिजली बोर्ड के चेयरमैन राजीब रंजन ने आज बैठक लेकर कोरबा के कलेक्टर. एसपी, बिलासपुर के कमिश्नर से सुरक्षा को लेकर चर्चा की। वरिष्ठ अफसरों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। 7 हजार करोड़ की लागत से नया पावर प्लांट 41 माह में तैयार करने की योजना है।