News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. मिनी जू नंदनवन में अब विदेशी पक्षी चहचहाएंगे। इस विहार की शोभा बढ़ाने के लिए उड़ीसा से चार प्रजाति के विदेशी पक्षियों के जोड़े मंगवाए गए हैं। शनिवार को इनके खूबसूरत पिंजड़ों का औपचारिक उद्घाटन होगा।
गोल्डन और सिल्क पिजन को देखकर वन अफसर भी रोमांचित हैं। यह पक्षी पहली बार नंदनवन लाया जा रहा है। दो और प्रजाति के पक्षी शुक्रवार को देर रात लाए गए। मैना के 10 जोड़े तथा कोयल और मोर का एक-एक जोड़ा यहां रहेगा। पक्षियों का आशियाना नंदनवन में मगर के पिंजरे के पिछले हिस्से में बनवाया गया है।
120 फुट लंबे और 40 फुट चौड़े पिंजरे में प्रत्येक प्रजाति के पक्षियों के लिए अलग-अलग खंड बना है। पक्षियों के आकार और व्यवहार के अनुसार पिंजरे का साइज तय किया गया। नंदनवन प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में कुछ और विदेशी पक्षियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की विलुप्त हो रही पक्षी प्रजाति भी रखी जाएगी।
पक्षी विहार का उद्घाटन वन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल दोपहर 1 बजे करेंगे। इस मौके पर लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री राजेश मूणत भी उपस्थित रहेंगे। नंदनवन को मिनी जू का दर्जा दिए जाने के बाद से ही यहां पक्षी विहार की कमी शिद्दत से महसूस की जा रही थी। नंदनवन में हालांकि पक्षियों का एक पिंजरा है, लेकिन उसमें पक्षी अरसे से नहीं हैं।
सफेद टाइगर लाने की बाधा दूर
नंदनवन में सफेद टाइगर की दहाड़ अब जल्द गूंजेगी। शनिवार को दो बड़े पिंजरों की बुनियाद रखी जाएगी। इनमें एक सफेद टाइगर के लिए होगा, दूसरा पेंथर के लिए। वन विभाग और नंदनवन प्रशासन काफी अर्से से यहां सफेद टाइगर लाने का प्रयास कर रहा है।
पिंजरों की कमी होने के कारण अभी तक यह संभव नहीं हो सका था। नंदनवन में एक पेंथर का शावक है। उसे कुछ माह पहले बालोद क्षेत्र से लाया गया था। पेंथर को अभी छोटे पिंजरे में रखा गया है। उसे भी नए और बड़े पिंजरे में रखा जाएगा।
गांव-गांव में न्योता
मिनी जू नंदनवन में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में रमन सरकार के दो दिग्गज मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत मौजूद रहेंगे। दो हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। यह पीडब्लूडी मंत्री श्री मूणत का निर्वाचन क्षेत्र है। परिसीमन में यह क्षेत्र रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शामिल किया गया है। यहां से श्री मूणत का चुनाव लड़ना भी तय माना जा रहा है। उन्होंने तैयारी भी शुरु कर दी है।
कार्यक्रम भले ही वन विभाग का है पर कमान भाजपाइयों ने संभाल रखी है। क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों को सपरिवार बुलाया गया है। कल प्रवेश निशुल्क रहेगा। सूत्रों का दावा है कि लोकार्पण, शिलान्यास के बाद दोनों मंत्री कार्यकर्ताओं व गांव वालों से अलग से मुलाकात करेंगे।