भोपाल.
रीवा जेल में बंद सफदर नागौरी को लेकर गुजरात पुलिस की टीम शनिवार शाम अहमदाबाद रवाना हो गई। गुजरात पुलिस के एएसपी हिमांशु शुक्ला के नेतृत्व में टीम शनिवार सुबह दस बजे रीवा पहुंची।
औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शाम साढ़े चार बजे यह टीम सफदर नागौरी को लेकर सड़क मार्ग से गुजरात के लिए रवाना हुई। उसे किस रास्ते से अहमदाबाद ले जाया गया है, यह गोपनीय रखा गया है। रीवा रेंज के आईजी एके सोनी ने नागौरी को गुजरात पुलिस दल के हवाले करने की पुष्टि की है।
चारों गुर्गो को रिमांड पर भेजा
अहमदाबाद. अहमदाबाद के सीरियल ब्लास्ट की जांच के सिलसिले में मध्यप्रदेश से गुजरात लाए गए सिमी के चार कार्यकर्ताओं को शनिवार को यहां के मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सिटी क्राइम ब्रांच ने इन सिमी कार्यकर्ताओं से पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड मांगी थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार को इन कार्यकर्ताओं को फिर से कोर्ट में पेश कर रिमांड अवधि को बढ़ाने की मांग की जाएगी। चारों कार्यकर्ताओं पर वड़ोदरा में हालोल के पास जंगल में अहमदाबाद ब्लास्ट की योजना बनाने का आरोप है।
बताया जाता है कि इन्होंने सिमी सरगना सफदर नागौरी के निर्देशन में यह योजना बनाई थी। इस मामले में सफदर नागौरी से पूछताछ के लिए गुजरात पुलिस उसे लेकर मध्यप्रदेश से रवाना हो गई है।
सड़क मार्ग से लाया गया : चारों सिमी कार्यकर्ताओं को विमान से अहमदाबाद लाए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए गुजरात पुलिस इन्हें सड़क मार्ग से लेकर यहां पहुंची। सिमी कार्यकर्ताओं कमरुद्दीन नागौरी, मोहम्मद हाफिज हुसैन, अब्दुल करीम शिवली और आमिल परवेज को शनिवार को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट जेके पंडच्या के सामने पेश किया गया, जहां उन्हें 24 घंटे की रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए गए।
कोर्ट ने पुलिस से चारों आरोपियों को रविवार तीन बजे दोबारा पेश करने को कहा है। पुलिस को आशंका है कि ब्लास्ट के सिलसिले में गिरफ्तार मुफ्ती अबू बशीर व साजिद मंसूरी समेत दस आरोपियों से भी इनकी साठगांठ हो सकती है।