News
International International इस्लामाबाद/लाहौर. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ के खिलाफ गठबंधन सरकार ने देशद्रोह का मुकदमा चलाने की पूरी तैयारी कर ली है।
एक-दो दिन में उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। इस बीच शनिवार को मुशर्रफ की नजरबंदी की चर्चा दिनभर रही, लेकिन इन चर्चाओं से बेखबर नजर आए पूर्व राष्ट्रपति ने जमकर टेनिस खेला।
सूत्रों के मुताबिक गठबंधन सरकार का मुशर्रफ के प्रति रुख अब और सख्त होता नजर आ रहा है। उधर, नजरबंदी की चर्चाओं के बीच उनके कहीं भी आने-जाने और किसी से मिलने पर पाबंदी लगा दी गई है। हालांकि विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने सुरक्षा के लिहाज से मुशर्रफ के विदेश जाने पर पाबंदी लगाई है, साथ ही उनका घूमना-फिरना भी सीमित कर दिया गया है।
उधर, एक समाचार एजेंसी के अनुसार, देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने और बर्खास्त जजों की बहाली होने तक मुशर्रफ पर पाबंदी लगाई गई है। उन्हें इस्लामाबाद स्थित 5 एकड़ के शानदार फार्म हाउस में रहने की इजाजत भी नहीं है। चर्चा है कि इसे सरकारी संपत्ति घोषित किया जा सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि किसी ने नहीं की है।
सूत्रों ने बताया कि मुशर्रफ अमेरिका जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। अब वे बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली और 6 सितंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के तीन-चार हफ्ते बाद तक कथित नजरबंदी में रहेंगे।