इंदौर. नगर निगम हरियाली महोत्सव में 21 लाख पौधे लगाएगा। इसका पहला चरण सोमवार से शुरू होगा जिसमें पांच लाख से ज्यादा पौधे शहरभर में रोपे जाएंगे।
महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने संवाददाताओं को बताया पौधे निगम के उद्यानों, स्कूल-कॉलेज परिसर, घर-दुकान, सरकारी अस्पताल-इमारत और सड़कों के दोनों तरफ लगाए जाएंगे। इसके लिए २५ अगस्त से २४ सितंबर तक अभियान चलेगा। नेहरू पार्क और कबीटखेड़ी नर्सरी में पौधे तैयार हैं, जो पार्षदों व संस्थाओं को सुबह ७ से शाम ५ बजे तक बांटे जाएंगे।
उन्होंने बताया शहर की आबादी को 20 लाख भी मानें तो 30 लाख से ज्यादा पेड़ होना चाहिए लेकिन हैं तकरीबन 10 लाख ही। हरियाली महोत्सव का मकसद भी इनकी संख्या बढ़ाना है। पौधा लगाने के बाद संरक्षण करने के लिए भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। निगम छह लाख से ज्यादा पौधे लगा चुका है जिनमें 80 फीसदी से ज्यादा जीवित हैं।
बचाने का प्रयास भी
महापौर ने बताया सड़क निर्माण के नाम पर पेड़ों की कटाई भी कम की है। इसी कारण ग्रेटर कैलाश रोड पर एक लेन पेड़ों के पीछे बना रहे हैं। जहां बहुत जरूरी होगा वहीं पेड़ काटेंगे।
योग प्रभातफेरी की शुरुआत आज
बगीचे बनाकर योगाभ्यास शुरू करने के बाद निगम रविवार सुबह वार्डवार योग प्रभातफेरी निकालेगा। महापौर ने बताया यह निर्णय योग करने वालों की मांग पर लिया है। शुरुआत
24 अगस्त की सुबह छह बजे स्कीम-५१ से होगी, जहां निगम ने चार बगीचे बनाए हैं और सभी में योग शिविर चल रहे हैं।
प्रभातफेरी में लोग भजन-कीर्तन गाते चलेंगे। इसमें योग मित्रमंडल, लायंस क्लब, श्रीकृष्ण बाल योग, संस्कार केंद्र, सार्थक स्वयंसिद्धम, रहवासी संघ, नीलाकाश विद्यालय, चाणक्य विद्या निकेतन, इंदौर मैराथन समिति, कुशाभाऊ ठाकरे विचार मंच सहित कई धार्मिकव सामाजिक संस्थाएं सहयोग करेंगी।