bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

एसई को पहनाई नोटों की माला

जयपुर. शास्त्रीनगर के तेलीपाड़ा, व्यास कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में दूषित पानी से बीमार होने के मामले को लेकर शनिवार को युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता (एसई) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मिठाई खाने से लोगों के बीमार होने के एक्सईएन के बयान के विरोध में अधीक्षण अभियंता को जबरदस्ती लड्डू खिला दिए तथा नोटों की माला पहना दी।

दूषित पानी से प्रभावित क्षेत्र में एक सप्ताह में पांच जनों की मौत होने के साथ ही सैकड़ों लोगों के उल्टी-दस्त व डायरिया की शिकायत हो चुकी है तथा मरीजों का अस्पताल में पहुंचना जारी है।

इसके बावजूद जलदाय विभाग की ओर से दूषित पानी आपूर्ति होने की नैतिक जिम्मेदारी नहीं लेने व गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी के विरोध में शनिवार सुबह 11 बजे युवक कांग्रेस के पदाधिकारी व स्थानीय लोग गांधी नगर के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंच गए। गौरतलब है कि एक्सईएन अशोक माथुर ने दूषित पानी की सप्लाई की नैतिक जिम्मेदारी से बचते हुए यह बयान दिया था कि ‘त्योहार पर लोग ज्यादा मिठाई खा गए इसलिए बीमार हो रहे हैं, पानी पीने से कोई बीमार नहीं होता’।

प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव पंकज शर्मा, विजय शंकर तिवाड़ी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज, पार्षद अर्चना शर्मा, कैलाश वर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने अधीक्षण अभियंता को 10-10 रुपए के नोटों की माला पहना दी तथा पाइपलाइन बिछाने में कमीशन लेने का आरोप लगाया। अधीक्षण अभियंता को जबरदस्ती लड्डू खिला दिए। प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने दूषित पानी के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने तथा दोषी अधिकारियों को चैन से नहीं बैठने की चेतावनी दी।

पुलिस पर परेशान करने का आरोप
प्रदेश युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि अधीक्षण अभियंता के खिलाफ प्रदर्शन करने के बाद पुलिस उनके घरों पर दबिश दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि युवक कांग्रेस व स्थानीय व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश की तो आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
पुलिस ने बताया कि जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.पी. माथुर ने बजाज नगर थाने में राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया। इसमें बताया है कि वे कार्यालय में सुबह 11 बजे राजकार्य कर रहे थे। इस दौरान 10-15 लोग आए तथा उन्हें जबरन लड्डू खिलाने लगे। मना करने पर राजकार्य में बाधा उत्पन्न की।

जलदाय मंत्री का पुतला जलाया

दूषित पानी के कारण हुई मौतों के विरोध में जयपुर शहर जिला युवक कांग्रेस ने शनिवार को बड़ी चौपड़ पर जलदाय मंत्री सांवरमल जाट का पुतला जलाया। शहर युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जलदाय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला जलाया।

शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में पूर्व में भी कई जगह दूषित पानी के कारण कई लोग अकाल मौत के ग्रास बन चुके हैं। इसके बाद भी जलदाय मंत्री कुंभकरणी नींद में सोए हुए हैं और कर्मचारी धृतराष्ट्र की तरह अंधे बने हुए हैं। प्रशासन अभी भी यही कह रहा है कि शहर में होने वाली मौतें दूषित पानी से नहीं हो रही हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश युवा कांग्रेस के महामंत्री विजय अग्रवाल, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शीला सैनी, सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: