जयपुर. जयपुर सीरियल बम ब्लास्ट के मामले में विशेष जांच दल द्वारा हिरासत में लेने और फिर छोड़े जाने वाले मेडिकल छात्र अबरार ने स्वीकार किया कि वह सलीम नाम के एक व्यक्ति को जानता है जो उसे 11 या 12 मई को यहां हास्टल में मिला था तथा मेरे साथ रुका था।
अबरार ने शनिवार को यहां मुस्लिम मुसाफिर खाने में मीडिया से यह बात कही। जब उससे यह पूछा कि वह सलीम को कब से जानता है तो उसने बताया कि वह उससे दो बार मिला है। पहले वह एक कार्यक्रम में कोटा आया था और दूसरी बार जयपुर में मिला।
अबरार ने बताया कि सलीम के साथ एक और युवक भी जयपुर आया था। दोनों के साथ मैंने एक होटल में खाना खाया था। क्या सलीम ही साजिद मंसूरी है तो अबरार ने मंसूरी को जानने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि पुलिस ने उसे एक फोटो भी बताया था लेकिन वह उसको नहीं जानता।
सलीम से उसका क्या रिश्ता है, वह कब से उसे जानता है तथा कहां का रहने वाला है इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। उसने सिर्फ इतना कहा कि सलीम कोटा में किराए से रहा था। इससे ज्यादा उसके बारे में कुछ पता नहीं।