|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. प्रधानमंत्री मनमोहनग सिंह के दखल के बाद हरियाणा में अलग एसजीपीसी बनाने की मांग को लेकर अकाली दल और हरियाणा की तदर्थ सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में टकराव टलता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री के आश्वासन पर शिरोमणि अकाली दल ने 30 अगस्त को करनाल में होने वाली रैली रद्द कर दी है।
अकाली दल ने वीरवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलकर उनसे इस मामले में दखल देने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल से पूरे मामले पर गौर करने को कहा था।
शनिवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आश्वासन पर विचार के बाद पार्टी ने 30 अगस्त को करनाल में प्रस्तावित रैली स्थगित की है।
रैली को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने संबोधित करना था। सुखबीर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे को सद्भावनापूर्वक हल करने की बात कही थी और अकाली दल ने भी हमेशा सभी मुद्दों का हल शांति और सद्भावना से चाहा है।
हुड्डा भी मिले प्रधानमंत्री से
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर अलग एसजीपीसी के मुद्दे पर प्रदेश का पक्ष रखा। हुड्डा ने हरियाणा की तदर्थ सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और एसजीपीसी से आग्रह किया कि वह 30 अगस्त को करनाल में प्रस्तावित अपनी रैलियां रद्द कर दें। उन्होंने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि इस मसले पर कौन क्या कहता है, उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है। उन्हें सिर्फ प्रदेश के सिखों के हितों और धार्मिक भावनाओं को देखना है।