सिंगापुर.
एशिया में आला दर्जे की प्रकाशन गतिविधियों को सम्मानित करने वाले एक प्रमुख पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में दैनिक भास्कर को ‘द एशियन पब्लिशिंग अवॉर्डस’ के दो पुरस्कारों के साथ सम्मानित किया गया है।
सिंगापुर में आयोजित ‘एशियन पब्लिशिंग अवॉर्डस 2008’ के मौके पर दैनिक भास्कर की दो प्रविष्टियों- ‘डब्ल्यूबी-द असेंस ऑफ फिनोमिनल वूमन’ और ‘द ताजमहल’ को क्रमश: कंटेंट जनरेशन कैटेगरी तथा मल्टीमीडिया एडवर्टाइजिंग कैटेगरी के तहत एक्सीलेंस अवॉर्ड (रनर-अप) से सम्मानित किया गया।
सिंगापुर में 15 अगस्त की रात एशियन पब्लिशिंग कन्वैंशन के रूप में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में भारत समेत ऑस्ट्रेलिया, चीन, इंडोनेशिया, फ्रांस, हांगकांग, इटली, कोरिया, फिलिपीन्स, सिंगापुर, ताईवान, थाईलैंड, यूएई, यूके आदि देशों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
डीबी कॉर्प लि. में मार्केटिंग एंड एड सेल्स के प्रैसीडेंट राजीव जेतली ने भास्कर की उल्लेखनीय उपलब्धि पर कहा, ‘दैनिक भास्कर में हमारा प्रयास हमेशा से ही अपने सुधि पाठकों को हर लिहाज से बेहतरीन अखबार उपलब्ध कराने का रहता है। वूमन कैटेगरी में हासिल अवार्ड इस बात का प्रमाण है कि हम अपनी महिला पाठकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं और उन्हें उनकी पसंद की पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराते हैं।’
पुरस्कारों के लिए 22 देशों की 79 प्रकाशन कंपनियों/समूहों से 203 प्रविष्टियां र्आई थीं। पुरस्कार वितरण समारोह में दैनिक भास्कर का प्रतिनिधित्व डीबी कॉर्प लि. में कॉपरेरेट कम्युनिकेशन की ब्रांड मैनेजर नीहा सक्सेना ने किया।