|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. विकास के काम में राजनीति नहीं होनी चाहिए। आज इस मंच पर जिस तरह से हम साथ-साथ हैं, उसी तरह मिलकर प्रगति और विकास के प्रयासों को आगे बढ़ाना चाहिए।
यह बात मंगलवार को यहां बिलौआ में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड(सेल)के तीसरे स्टील प्रोसेसिंग यूनिट के शिलान्यास समारोह में शामिल लोजपा,कांग्रेस और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने कही। पहले चरण में 85 करोड़ की लागत वाले इस प्लांट में टीएमटी बार्स तैयार होगा। प्लांट का कार्य 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
शिलान्यास केंद्रीय इस्पात, रसायन एवं उर्वरक मंत्री रामविलास पासवान ने किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम के मुख्यअतिथि थे। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,सांसद यशोधरा राजे और लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलसिंह बरैया विशेष अतिथि थे। सेल के चेयरमैन एसके रूंगटा और भिलाई संयंत्र के प्रबंध निदेशक रा रामराजु भी मंच पर मौजूद थे।
लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा कि आज जो पौधा यहां लगाया जा रहा है, दस साल बाद वह वटवृक्ष बनेगा, तब इसकी छाया में अंचल के तमाम नौजवानों को रोजगार की छाया मिलेगी। उन्होंने मध्यप्रदेश की तारीफ करते हुए कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि उद्योगों के विकास के लिए इससे बेहतर माहौल कहीं और नहीं है।
प्लांट के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए श्री पासवान ने राज्य सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार गरीबों और भूखों के आंसू पोंछने में लगी है, अंधेरे घरों में रोशनी के लिए दीया जलाना, हमारी पार्टी का नारा है। मध्यप्रदेश की धरती पर सेल की यह तीसरी प्रोसेसिंग यूनिट इसी दिशा में एक प्रयास है। इसमें सहयोग के लिए मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी बधाई देता हूं।
श्री पासवान ने कहा कि जब मुझे इस्पात मंत्रालय का प्रभार मिला था तब देश की नवरत्न कंपनियों में से सेल बिकने की कगार पर थी पर आज मुनाफा कमाने के मामले में यही सेल तीसरे नम्बर पर होकर 20 हजार करोड़ का मुनाफा कमा रही है। अब हमारा प्रयास इसे पहले नम्बर पर लाने का है।
विकास की पहल का स्वागत
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण में केंद्रीय मंत्री पासवान की सराहना करते हुए कहा कि कोई सौगात लेकर आता है तो हम पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत करते हैं। मप्र के विकास की दिशा में आपने जो पहल की है, मैं उसका स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी कोई भी हो, दिल में गरीबों के लिए दर्द और उनके लिए कुछ करने की ललक होना चाहिए। इसके लिए हम सब एक हैं। उन्होंने सेलके चेयरमैन एसके रूंगटा को भरोसा दिलाया कि बिलौआ यूनिट के लिए जो भी जरूरी सुविधाएं होंगी, राज्य सरकार उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। उनके लिए चिंता न करें।
विश्व की मुख्यधारा से जुड़ा
केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज यह क्षेत्र राष्ट्र ही नहीं विश्व की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। इसके लिए श्री पासवान और सेल के चेयरमैन श्री रूंगटा बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जैसा मेरी आत्या ( बुआ यशोधरा राजे) ने कहा है प्रगति और विकास के लिए हमें इसी तरह साथ होना चाहिए। संकट यह है कि कभी-कभी इसमें श्रेय लेने की बीमारी घुस आती है । यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए हम अलग-अलग रहें पर विकास के लिए हर दल के लोग एक मंच पर रहें।
तीन पार्टियां एक मंच पर
सांसद यशोधरा राजे ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज तीन पार्टियों के नेता एक मंच पर हैं, यह बड़ी बात है। उन्होंने स्टील प्लांट के लिए जहां श्री पासवान को बधाई दी, वहीं प्लांट के लिए मात्र 25 दिन में जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी तारीफ की।
पसीना नहीं खून बहाने को तैयार
लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फूलसिंह बरैया ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री पासवान को मेरी जहां भी जरुरत होगी मैं वहां उनके साथ पसीना ही नहीं खून भी बहाने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि हम 25 बरस से जिस आंदोलन से जुड़े हैं, यह कारखाना उस आंदोलन और बाबा साहब अम्बेड़कर का सपना पूरा करने में मददगार होगा।