News
International International न्यूयार्क.
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) अध्यक्ष मायावती के बढ़ते प्रभाव का लोहा देश ही नहीं पूरी दुनिया मान रही है। यही वजह है कि प्रसिद्ध पत्रिका फोर्ब्स ने उन्हें विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं के क्लब में शुमार कर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ ला कर खड़ा कर दिया है।
मायावती 59 वें, सोनिया फिसल कर 21 वें स्थान पर : फोब्र्स द्वारा तैयार दुनिया की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में पहली बार शामिल बीएसपी अध्यक्ष मायावती को 59 वां स्थान दिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सूची में छठे स्थान से फिसल कर 21 वें स्थान पर पहुंच गई, जबकि एक अन्य भारतीय महिला बॉयोकान कंपनी की प्रमुख किरण मजूमदार शॉ को 99 वां स्थान मिला है।
नूयी तीसरी सबसे ताकतवर महिला : शीतल पेय बनाने वाली कंपनी पेप्सिको की भारतीय मूल की चेयरमैन व सीईओ इंदिरा नूयी इस वर्ष सूची में तीसरे स्थान पर हैं। पिछले वर्ष उन्हें पांचवां स्थान दिया गया था।
जर्मन चांसलर, नंबर एक : फोब्र्स ने जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल को दुनिया की सबसे ताकतवर महिला के रूप में पेश किया है। फेडरल डिपाजिट इंश्योरेंस कॉर्प. की चेयरमैन अमेरिका की एस सी बैयर को सूची में दूसरा स्थान मिला है।
हिलेरी व एलिजाबेथ से आगे सोनिया : सोनिया गांधी सूची में नीचे खिसकने के बावजूद हिलेरी क्लिंटन (28वें), ऑप्रा विनफ्रे(36वें), मेलिंडा गेट्स (40वें) व लॉरा बुश (44वें) व क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय (58वें) जैसी हस्तियों से ऊपर हैं। मायावती व सोनिया मिल कर एमटीवी नेटवर्क की सीईओ जूडी मैग्रा(60वें), फिनलैंड की प्रेसीडेंट तारजा हैलोनेन, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट जस्टिस रूथ बैडर जिंसबर्ग, हुंडई ग्रुप की चेयरमैन ह्यूं जिआंग-उन व आयरलैंड की प्रेसीडेंट मैरी मैकेलीज से आगे हैं।
प्रथम दस में अन्य हस्तियां :
-वेलप्वांट सीईओ सिंथिया कैरेल
-क्राफ्ट फूड्स प्रमुख इरीन ब रोजेनफेल्ड
-यूएस सेक्रेटरी आफ स्टेट कोंडेलिजा राइस
-टेमसेक होल्डिंग्स सीईओ हो चिंग
-एरेवा सीईओ एनी लॉवेरजिऑन
-जेराक्स कार्प सीईओ एनी मलकैही
विद्या छाबड़िया सूची से बाहर : यूएई में रहने वाली भारतीय मूल की विद्या छाबड़िया जो पिछले वर्ष इस सूची में 98वें स्थान पर थीं, इस वर्ष सूची में स्थान नहीं बना पाई।