bhaskar Web English
HomeNewsNational National

उड़ीसा के कुछ और जिलों में फैली हिंसा

भुवनेश्वर. उड़ीसा में विश्व हिंदू परिषद के नेता की हत्या के बाद कंधमाल जिले में भड़की हिंसा उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश के बावजूद थमने का नाम नहीं ले रही है। कंधमाल जिले के अलावा कुछ अन्य जिलों में भी हिंसा फैलने की खबर है।

कंधमाल जिला कलेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि तिकबाली, जी उदयगिरि व अन्य इलाकों के कुछ सुदूर अंचलों से हिंसा के समाचार हैं, जबकि जिले के अधिकांश इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि जिले के आठ ब्लॉक में हालात सामान्य बनाने के लिए बुधवार को कफ्यरू लागू करने के साथ ही उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

प्रशासन का दावा : डीआईजी आरपी कोचे ने कहा, ‘स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, यद्यपि कोटगढ़ के कुछ इलाकों से हिंसा के समाचार हैं।’ उन्होंने बताया कि हिंसाग्रस्त इलाकों में केंद्रीय सुरक्षाबल की कुछ टुकड़ियां पहुंच गई हैं, जबकि कुछ और जल्द ही पहुंचने वाली हैं।

दूसरे जिलों में भी हिंसा : इस बीच, उड़ीसा के अन्य जिलों में भी हिंसा फैल गई है। सुंदरगढ़, रायागाड़ा, गजपति और बोलंगिर जिलों से भी हिंसा के समाचार हैं। विहिप नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के बाद भड़की हिंसा में प्रशासन 10 लोगों की मौत की पुष्टि कर चुका है, जबकि अपुष्ट खबरों में मृतक संख्या 15 बताई गई है।

मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा : राज्य में कांग्रेस व अन्य बड़े राजनीतिक दलों ने हिंसा रोकने में नाकामी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से इस्तीफे की मांग की है।

सेना तैनाती की मांग : ईसाई संस्थाओं के एक समूह ने कंधमाल जिले के हिंसाग्रस्त ब्लॉक में सेना तैनात करने की मांग की है। समूह ने यह मांग यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक पत्र में की है।

हाईकोर्ट ने दिए जान-माल की रक्षा के निर्देश
उड़ीसा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को हिंसा प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों की तैनाती कर जानमाल का नुकसान रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। चीफ जस्टिस बीएस चौहान और जस्टिस बीएस मोहपात्रा की बेंच ने यह निर्देश आंबेडकर-लोहिया विचार मंच के प्रमुख संग्राम मलिक की जनहित याचिका पर दिए हैं।

महेश भट्ट के नेतृत्व में राज्यपाल से मिला प्रतिनिधिमंडल
मुंबई. विभिन्न धर्मो के एक प्रतिनिधिमंडल ने फिल्मकार महेश भट्ट के नेतृत्व में गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल एससी जमीर से मुलाकात कर उड़ीसा में जारी हिंसा की आलोचना की और केंद्र तक उनकी भावनाएं पहुंचाने का अनुरोध किया। ऑल इंडिया क्रिश्चियन काउंसिल के तत्वावधान में गए प्रतिनिधिमंडल ने हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सशस्त्र बल व राहत सामग्री भेजने की मांग भी की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: