bhaskar Web English
HomeBusinessDalal Street Dalal Street

कच्चे तेल में उबाल शेयर बाजार बेहाल

मुंबई.bse देश के शेयर बाजारों में गुरुवार को एक बार फिर महंगाई बढ़ने और ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने का खौफ दिखा। क्रूड की अंतरराष्ट्रीय कीमतें जहां उछलकर 120 डालर प्रति बैरल के करीब पहुंच गईं, वहीं घरेलू बाजार में महंगाई के आंकड़े आने को देखते हुए निवेशकों ने सतर्कता बरती।

दिनभर सीमित दायरे में गिरावट दिखाने वाला सेंसेक्स दोपहर के बाद चौतरफा बिकवाली के दबाव में 248 अंक गिरकर 14,048 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में 78 अंक की गिरावट रही और यह 4,214 के स्तर पर बंद हुआ।

क्या रहे कारण
कारोबारियों का कहना है कि विश्व बाजार में क्रूड की कीमतें लगातार चौथे दिन बढ़कर 119.25 डालर की ऊंचाई छूने से विश्व में महंगाई बढ़ने की चिंताओं से एशियाई बाजारों में गिरावट देखी गई। दोपहर में यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी के समाचारों से धारणा बुरी तरह प्रभावित हुई।

गुरुवार को अगस्त माह के फ्यूचर एंड ऑप्शन सौदों की अंतिम तिथि को देखते हुए निवेशकों ने अपने सौदे काटे। दोपहर तक हल्की गिरावट दिखाने वाले सेंसेक्स में ढाई बजे के बाद मात्र आधे घंटे के कारोबार में 225 अंक की गिरावट देखी गई और इसने 14,002 का इंट्राडे लो बनाया।

एशियाई बाजारों में हैंगसेंग 2.29 फीसदी या 492 अंक गिरकर 20,976 पर बंद हुआ, जबकि बाकी सूचकांक सीमित दायरे में रहे। दोपहर में यूरोपीय बाजार भी कमजोरी दिखा रहे थे।

क्या होगा
क्वांटम सिक्यूरिटीज के डायरेक्टर नीरज दीवान का कहना है कि हर कोई महंगाई को लेकर चिंतित है। लोग महंगाई में नरमी की उम्मीद कर रहे हैं, उन्हें लग रहा है कि ब्याज दरें ऊंचाई पर पहुंच चुकी हैं। लेकिन एकदम कुछ नहीं होने जा रहा है। नकारात्मक धारणा बनी रहेगी। बाजार में तरलता का अभाव है और मेक्रो इकोनॉमिक कारक खास सुधार के संकेत नहीं दे रहे हैं।

बारह सत्र में 1,450 अंक गिरा सेंसेक्स
दो दिन की गिरावट में सेंसेक्स 434 अंक गिरकर 14,048 पर बंद हुआ है। 22 जुलाई को यह 14,104 के स्तर पर था। कंपनियों के पहली तिमाही के नतीजों की घोषणा के बीच क्रूड की नरमी के चलते यह 11 अगस्त को 15,504 के स्तर पर बंद हुआ। तब से जारी गिरावट के दौर में यह 1456 अंक करेक्ट हो चुका है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: