भोपाल. तकनीकी कॉलेजों द्वारा की जा रही फीस की मनमानी वसूली को लेकर छात्रों के मन में छिपा आक्रोश गुरुवार को सामने आ गया। प्रबंधनों के डर से सामने न आने वाले छात्रों ने खुलकर कॉलेज द्वारा की जा रही ज्यादतियों की शिकायतें कीं।
फीस मसले को लेकर दिनभर छात्रों ने प्रदर्शन किया। इसमें राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में कुलपति के घेराव से लेकर काउंसिंिलंग स्थल पर तोड़फोड़ भी की। उधर शिकायतों को लेकर कॉलेज प्रबंधनों ने भी छात्रों को धमकाना शुरू कर दिया है।
आरजीपीवी परिसर में श्री इंस्टीट्यूट के छात्रों ने प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। छात्रों ने विवि के रास्ते पर जमा होकर काउंसिलिंग में जाने वाले वाहनों का रास्ता रोका। कुलपति पीयूष त्रिवेदी के प्रदर्शन स्थल पर आने पर छात्रों ने उनका घेराव किया, कॉलेज द्वारा ज्यादा एरियर मांगे जाने की शिकायतें कीं। छात्र बढ़ी हुई फीस देने से भी इंकार कर रहे थे। कुलपति ने छात्रों को समस्या का तुरंत समाधान निकालने का भरोसा दिलाया तब कहीं जाकर छात्रों का आक्रोश ठंडा हुआ।
प्रबंधन ने धमकाया
कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाने और शिकायतें करने छात्रों में मन में समाया डर गुरुवार को सामने आ गया। ऑल सेंट्स कॉलेज के छात्र रोहित शुक्ला और एबीवीपी के तकनीक छात्र प्रमुख वैभव पवार ने शिकायत की है कि बुधवार को किए गए प्रदर्शन से खफा होकर कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों पर हड़ताल बंद करने दबाव बनाया और डिग्री खराब करने व निलंबित करने की धमकी दी है।
छात्राओं ने हॉस्टल से मोबाइल पर सूचना दी कि प्रबंधन ने छात्राओं को हॉस्टल में बंद कर रखा है और जबरदस्ती घर भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने किसी तरह की शिकायत न होने के आशय का एक शपथ-पत्र भी भरवा लिया है। एबीवीपी के वैभव पवार ने इसकी पुलिस में भी शिकायत की है।
आरजीपीवी ने दिए निर्देश
कुलपति श्री त्रिवेदी ने सभी कॉलेजों को सख्त निर्देश दिए हैं कि एरियर तय होने और फीस जमा होने तक किसी भी छात्र को परीक्षा आवेदन भरने से रोका नहीं जा सकेगा। इसके साथ ही कमेटी द्वारा तय करने के पहले एरियर के लिए दबाव बनाने की शिकायत कालेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं फीस कमेटी ने छात्रों को भी ज्यादा फीस वसूलने वाले कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ शिकायत करने को प्रेरित किया है। कमेटी ने कहा है कि छात्र अपनी शिकायत शपथ-पत्र पर सभी प्रमाणों के साथ कमेटी कार्यालय को व्यक्तिगत रूप से या डाक द्वारा भेज सकते हैं। फीस कमेटी ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत करने वाले छात्र का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
मामूली विवाद पर तोड़फोड़
फीस समस्या को लेकर उग्र हो रहे छात्र काउंसिलिंग स्थल तक जा पहुंचे और मामूली विवाद के बहाने कॉलेज के काउंटर पर तोड़फोड़ की। श्री इंस्टीट्यूट के काउंटर पर एक छात्र को धूम्रपान करने से रोकने पर विवाद शुरू हुआ, जिसकी खबर बाहर फीस का आंदोलन कर रहे छात्रों तक जा पहुंची। प्रदर्शन में शामिल कई छात्र काउंसिलिंग स्थल पर आए और श्री इंस्टीट्यूट के स्टाल को तहस नहस कर डाला। वहां से पुलिस बल ने छात्रों को बाहर खदेड़ा।
एनएसयूआई भी समर्थन में
तकनीकी छात्रों की समस्या को देखकर एनएसयूआई भी आंदोलन में शामिल हो गई। गुरुवार को जिला महामंत्री स्वप्निल सक्सेना ने बोर्ड आफिस चौराहे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सभी का सामूहिक प्रदर्शन
फीस के प्रदर्शन में अकेले हमारे संस्थान के छात्र ही शामिल नहीं है, यह सभी का सामूहिक प्रदर्शन है। हमारे संस्थान के छात्र हमारे काउंटर पर तोड़फोड़ नहीं कर सकते, ऐसा यूआईटी के छात्रों ने किया है। काउंटर पर मौजूद शिक्षकों से इसकी जानकारी ली जा रही है।
-वरुण तिवारी, संचालक, श्री इंस्टीट्यूट