उज्जैन.
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने ‘सुरक्षित घर, विकसित प्रदेश’ के नारे के साथ चुनावी बिगुल फूंक दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का चुनावी रथ जन आशीर्वाद यात्रा के लिए गुरुवार दोपहर यहां से रवाना हो गया।
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने वादा किया कि यदि भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो प्रदेश को पहली पंक्ति में खड़ा कर देगी। मुख्यमंत्री ने भी किसानों से तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने और किसानों की भूमि को सीलिंग से मुक्त करने का वादा किया।
20 दिन, तीन हजार किमी : भगवान महाकाल को नमन करने के साथ शुरू हुई यह यात्रा 20 दिन में करीब तीन हजार किमी का सफर तय करेगी और ३६ जिलों के ११८ विधानसभा और २५ लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से मुखातिब होगी।
धमकी भरे फैक्स
यात्रा को रोकने के लिए मंदसौर से दो धमकी भरे फैक्स मुख्यमंत्री निवास पर किए गए। मुख्यमंत्री की पत्नी को संबोधित फैक्स में रथ यात्रा नहीं रोके जाने पर दुष्परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। फैक्स भेजने के आरोप में मंदसौर से अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
यात्रा का विरोध: यात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने दो जगह मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की कोशिश की। उज्जैन में तो वे सफल नहीं हो सके, लेकिन आगर रोड स्थित जैथल में कांग्रेसियों ने शिवराज की ओर काला झंडा उछाल दिया।