भोपाल.
आज खेल दिवस है और आज का दिन देश के हृदय प्रदेश की राजधानी भोपाल और हर खेल प्रेमी के लिए ऐतिहासिक भी..क्योंकि ओलिंपिक में देश को पहली बार स्वर्ण पदक दिलाने वाले अभिनव बिंद्रा भोपाल आ रहे हैं। पूरा शहर उत्सुक है देश के इस लाल के स्वागत को।
गोल्डन शूटर अभिनव बिंद्रा शुक्रवार को राजधानी भोपाल आ रहे हैं। वे यहां प्रदेश के सर्वोच्च खेल अवार्ड विक्रम अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। समारोह रवींद्र भवन में शाम 6.00 बजे आयोजित होगा।
इसी समारोह में उन्हें पांच लाख रुपए से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें पांच लाख रुपए से सम्मानित करने की घोषणा राज्य सरकार ने उसी दिन कर दी थी जिस दिन उन्हें ओलिंपिक में स्वर्ण मिला था।
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती रंजना चौधरी और खेल संचालक संजय चौधरी ने एक पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि अभिनव सुबह 10.30 बजे जेट एयरवेज से भोपाल पहुंचेंगे, जहां जोरदार स्वागत किया जाएगा।
एयरपोर्ट से ही बिंद्रा को खुली जीप में एक विजयी रैली के रूप में तात्या टोपे स्टेडियम लाया जाएगा। जुलूस एयरपोर्ट से लालघाटी, स्टेट बैंक चौराहा, रायल मार्केट, पीर गेट, पालिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा न्यूमार्केट होते हुए स्टेडियम पहुंचेगा। इस सभी दौरान उपरोक्त सभी जगहों पर राजधानी के विभिन्न खेल संगठन गोल्डन शूटर का स्वागत करेंगे। इसके लिए स्वागत द्वार लगाए गए हैं। मंच भी तैयार हो चुके हैं।
तात्या टोपे स्टेडियम की रेंज में साधेंगे निशाना
अभिनव बिंद्रा तात्या टोपे स्टेडियम में बनी वातानुकूलित फायरिंग रेंज में निशाना साधेंगे। इसके लिए वह अपनी रायफल भी साथ ला रहे हैं। निशाना साधने के बाद वे राज्य शूटिंग अकादमी को यह बंदूक उपहार स्वरूप भेंट कर देंगे। इस दौरान बिंद्रा अकादमी के खिलाड़ियों को शूटिंग की बारीकियों से भी अवगत कराएंगे। इसके बाद अभिनव पत्रकार वार्ता में हिस्सा लेंगे।
नागरिक अभिनंदन भी होगा
शुक्रवार को शाम के समय अभिनव का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। यह समारोह सदर मंजिल में आयोजित किया जा रहा है। यहां महापौर सुनील सूद अभिनव को सम्मानित करेंगे।
विक्रम अवार्ड समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
प्रदेश के सर्वोच्च खेल अलंकरण समारोह में अभिनव बिंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को अलंकृत करेंगे। यह समारोह शाम 6.00 बजे रवींद्र भवन में आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के 25 खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अभिनव दूसरे दिन सुबह 11 बजे दिल्ली वापस रवाना हो जाएंगे।
होंगे राजकीय अतिथि
गोल्डन शूटर अभिनव बिंद्रा राजकीय अतिथि होंगे। यह जानकारी खेल संचालक संजय चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि बिंद्रा स्टेट गेस्ट घोषित हो चुके हैं।
राजधानी में बिंद्रा को लेकर जबर्दस्त उत्साह
गोल्डन शूटर को करीब से देखने के लिए राजधानी के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में जबर्दस्त उत्साह है। खासकर शूटिंग खिलाड़ियों के चेहरे खिले हुए हैं। राज्य खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने तो तैयारी भी कर ली है कि बिंद्रा से क्या-क्या पूछना है।
इधर खेल विभाग ने अपनी सभी तैयारी पूरी कर रखी है। तात्या टोपे स्टेडियम के बाहर व अंदर बिंद्रा के बड़े-बड़े पोस्टर लग चुके हैं। विभिन्न एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी भी दिन भर बिंद्रा के स्वागत की तैयारी में जुटे रहे।