जयपुर.
सेंट्रल पार्क में बुधवार रात को निजी बैंक के लिए काम करने वाली एक 21 वर्षीय युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवती के गले में धारदार हथियार से तीन वार किए। पुलिस इसे असफल प्रेम-प्रसंग का मामला मान रही है।
एएसपी (दक्षिण) राजेश सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब दस बजे सेंट्रल पार्क में पोलोग्राउंड की तरफ बने मंदिर के पुजारी अश्विनी कुमार ने पोलोग्राउंड की तरफ लगी जाली के पास एक युवती को उल्टा पड़े हुए देखा। उन्होंने अशोक नगर पुलिस को फोन पर सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने तक युवती दम तोड़ चुकी थी। देर रात इसी हुलिए की युवती के गायब होने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में भट्टा बस्ती पुलिस में शास्त्रीनगर हाउसिंग बोर्ड निवासी प्रकाश चंद्र ने दर्ज कराई। उन्होंने शव को देखकर उसकी पहचान अपनी पुत्री रेखा के रूप में की। रेखा दो माह से आईसीआईसीआई बैंक की श्रीटावर शाखा में नौकरी कर रही थी।
वह बुधवार को सुबह घर से नौकरी के लिए निकली थी। पुलिस के अनुसार रेखा बुधवार शाम 7 बजे बैंक से काम खत्म करके पुराने दोस्त के साथ निकली थी। वह युवक बुधवार रात से ही फरार है।