इंदौर. बंगाली चौराहे के आगे की कॉलोनियों के रहवासियों ने आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान होकर रात में घर के बाहर करंट फैलाने जैसे कुछ खतरनाक तरीके अपनाना शुरू कर दिए हैं जो उनके लिए भी घातक हो सकते हैं।
पलासिया थाना क्षेत्र की करीब 55 कॉलोनियां शुरू से ही चोरों के निशाने पर हैं। शहर में सर्वाधिक चोरियां, चेन स्नेचिंग और राहगीरों के साथ लूट की वारदातें यहीं हुईं। चेन स्नेचिंग की घटनाओं को देखते हुए एसपी ने क्राइम ब्रांच को भी दिन-रात की ड्यूटी पर लगाया लेकिन जहां क्राइम ब्रांच के कर्मचारी नहीं होते उन क्षेत्रों में लूट होती रही।
हाल में रिंग रोड बंगाली चौराहे के आगे की कॉलोनियां चोरों के निशाने पर हैं। कुछ दिनों से यहां लगातार चोरियां हो रही हैं। रेवेन्यूनगर निवासी मुन्ना तिवारी ने बताया उनके किराएदार की बाइक बुधवार रात को चोरी हुई। मंगलवार रात पड़ोसी के यहां चोर घुसे पर घर के सदस्य जाग जाने से भाग गए। सोमवार रात पास के बिजलीनगर में दो घरों में चोरियां हुईं।
ऐसे ही पास की सुखशांतिनगर, मंगलनगर व अन्य कॉलोनियों में लगातार चोरियां हो रही हैं। सभी मामलों में पीड़ितों ने थाने में शिकायत की लेकिन चोरी का माल ज्यादा नहीं होने से न तो रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही पुलिसकर्मी मौके पर आए।
ये हैं जिम्मेदार
अगर ऐसा कर रहे हैं तो खुद भी फंस सकते हैं
मुझे इसकी जानकारी नहीं है कि लोग इस तरह के अवैधानिक सुरक्षा प्रबंध कर रहे हैं। मैं खुद इसकी मौके पर जाकर जांच करूंगा। अगर लोग ऐसा कर रहे हैं तो वे खुद भी शिकार हो सकते हैं।
इसके अलावा अगर ऐसे किसी गैरकानूनी तरीके से किसी व्यक्ति की मौत होती है तो संबंधित घर वाले पर भी गैर इरादतन हत्या या अन्य संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज हो सकता है। जहां तक सुरक्षा की बात है तो पुलिस की गश्त उन सभी क्षेत्रों में बढ़ा दी जाएगी। इसे गंभीरता से लागू कराया जाएगा।
-महेशचंद जैन, एडीशनल एसपी
जानलेवा हो सकता है ऐसा खिलवाड़
बिना सुरक्षात्मक उपायों के कहीं भी करंट छोड़ना खतरनाक है। इससे मौत होने की आशंका रहती है। बारिश के मौसम में तो ऐसा कृत्य आत्मघाती हो सकता है। लोगों को किसी भी हाल में ऐसा खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।
-कामेश श्रीवास्तव, एक्जिक्यूटिव इंजीनियर