News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
कर्मचारियों के तेवर को देखते हुए आखिरकार सरकार ने आज उन्हें जनवरी 2006 से एरियर्स देने का ऐलान कर दिया। एरियर्स कितनी किस्तों में दी जाएगी, यह कमेटी तय करेगी।
शासन ने बुधवार को कर्मचारियों को छठवां वेतनमान देने की घोषणा की। इसका लाभ सिंतबर 2008 से देने का फैसला हुआ था।
कर्मचारी इससे नाराज थे। उनका कहना था, कि इसे जनवरी 2006 से लागू मानकर एरियर्स दिया जाना चाहिए। इस मुद्दे पर कर्मचारी संगठन एकजुट हो गए और आंदोलन की रणनीति बनाने लगे। आज पूरे दिन कर्मचारियों में गहमागहमी रही। दो दौर की वार्ता के बाद देर शाम मुख्य सचिव पी जाय उम्मेन ने एरियर्स की घोषणा की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से चर्चा कर ली थी। उनकी सहमति के बाद ही इसका ऐलान किया गया।
उल्लेखनीय है कि मांग पूरी न होने पर कर्मचारियों ने शुक्रवार से राज्यभर में अनिश्चितकालीन काम ठप करने की चेतावनी दी थी। आज 23 मान्यता प्रप्त यूनियनों ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर दो-तीन घंटे तक मंथन किया। उसके बाद उन्होंने श्री उम्मेन से चर्चा की। पहले दौर की वार्ता फेल रही। श्री उम्मेन ने मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद प्रतिनिधि मंडल को दुबारा बुलाया और शाम को इसका ऐलान किया।
तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (चंद्राकर गुट) के प्रांताध्यक्ष सीएल साहू और राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष सुभाष मिश्र ने कहा कि वे कर्मचारी हित में आंदोलन करना चाह रहे थे। उन्होंने सरकार का आभार माना। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के सचिव कीर्तिवर्धन उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री का ढोल-बाजों के साथ स्वागत करेंगे। उन्हें मेनगेट से मंत्रालय तक रैली के रूप में ले जाया जाएगा।
कलेक्टोरेट में सभा : सैकड़ों कर्मचारी गुरुवार शाम कलेक्टोरेट परिसर में जमा हुए। उन्होंने वहां आमसभा की। शासकीय तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ (सालिगराम गुट) के महासचिव विजय कुमार झा ने सभा को संबोधित किया। श्री झा ने एरियर्स के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।
अनुदान प्राप्त कर्मचारी भी नाराज : शासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षक एवं कर्मचारी संगठन छठवे वेतनमान में उनके लिए निर्णय नहीं लिए जाने से नाराज हैं। संगठन ने इस संबंध में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे राष्ट्रीय स्कूल में बैठक बुलाई है।