bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

तेरह कोल डिपो में छापा

बिलासपुर. रायपुर रोड स्थित तेरह कोल डिपो में छापामार कार्रवाई कर खनिज विभाग ने 17 हजार टन कोयला जब्त किया है। छापामारी के बाद सारे डिपो सील कर दिए गए हैं, वहीं संचालकों को दस्तावेजों सहित उपस्थित होने को कहा गया है। विभाग की कार्रवाई अभी लगातार जारी रहने के संकेत मिले हैं।

‘दैनिक भास्कर’ में 27 अगस्त को प्रकाशित खबर के बाद कलेक्टर सुबोध सिंह ने खनिज विभाग को कोल डिपो के विरुद्ध छापामार अभियान चलाने एवं कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे। कलेक्टर के निर्देशों के मद्देनजर खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को रायपुर रोड स्थित कोल डिपो में छापा मारना शुरू किया।

सहायक खनिज अधिकारी बी.डोनगांवकर के नेतृत्व में खनिज निरीक्षक एम.चंद्रशेखर एवं दिलजीत भट्टी सहित कर्मचारियों की टीम गुरुवार की सुबह छापामारी के लिए रवाना हो गई। सुबह से शाम तक चली छापामार कार्रवाई में इस मार्ग के तेरह कोल डिपो से कोयला जब्त कर डिपो सील कर दिए गए हैं।

इसके साथ ही डिपो संचालकों को दस्तावेजों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तुत दस्तावेजों में त्रुटि या कमी होने पर कारोबार निरस्त करने की कार्रवाई होने की जानकारी मिली है। ज्ञात हो कि रायपुर एवं रतनपुर मार्ग में सर्वाधिक करीब 60 कोल डिपो संचालित हैं। सूत्रों के अनुसार खनिज विभाग की यह कार्रवाई अभी लंबे समय तक जारी रहेगी।

क्या कहता है नियम?
माइनिंग एक्ट में उल्लेखित प्रावधानों के तहत कोयले के उत्खनन व परिवहन के बाद सीधे उपयोग किया जा सकता है। किसी भी स्थिति में कोयले का भंडारण नहीं किया जा सकता। सील किए गए डिपो में से सभी की जमीन अनडायवर्टेड थी। इनके द्वारा शासन को रायल्टी या टैक्स का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था।

अनुमानित लागत पौने दो करोड़
गुणवत्ता के आधार पर कोयले की कीमत अलग-अलग होती है। इस हिसाब से यह औसतन 1 हजार रुपए प्रतिटन की दर पर बेची जाती है। खनिज विभाग ने कार्रवाई में 17 हजार 250 टन कोयला जब्त किया है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।

यहां पड़े छापे
हिंद एनर्जी एंड कोल मेनरोड परसदा, संचालक संजय अग्रवाल 12 सौ टन कोयला जब्त, गर्वित अग्रवाल मेनरोड परसदा 3 सौ टन, अग्रवाल कोल कापरेरेशन बोदरी 9 सौ टन, अनिल जैन कोल डिपो झलपा 50 टन, महावीर ट्रेडिंग कंपनी संचालक आनंद जैन 3 हजार टन, भाटिया इंटरनेशनल लिमिटेड बिल्हा मोड़ 1 हजार टन, प्रदीप अग्रवाल बिल्हा मोड़ 2 हजार टन, अमित अग्रवाल धौराभाठा 1हजार टन, प्रमोद अग्रवाल चिचिरदा मोड़ 15 सौ टन, नियाती कोमोडिटी प्राइवेट लिमिटेड परसदा 45 सौ टन, विनोद मित्तल चिचिरदा मोड़ 5 सौ टन, सुमित अग्रवाल धौराभाठा 8 सौ टन एवं सीपी सन्न्नाट कोल डिपो चिचिरदा मोड़ में छापामार कर 5 सौ टन कोयला जब्त किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: