bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

‘भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकें’

बिलासपुर. bjp भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान के तहत शहर में कांग्रेस की सभा में एकता की कवायद इस कदर नजर आई कि नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं पर अभियान के संयोजक धर्मजीत सिंह भड़क गए।

उन्होंने झंडा-पोस्टर लेकर नारे लगा रहे समर्थकों और कार्यकर्ताओं को बुरी तरह डपटते हुए कहा कि एक हजार किलोमीटर से आ रही यह यात्रा शांतिपूर्वक निपट गई, लेकिन यहां आते ही 10 लड़कों ने इस पर ग्रहण लगा दिया।

कांग्रेस के इस अभियान के तहत शहर के नूतन चौक पर आज रात को सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू के मंच पर पहुंचते ही कुछ लोग अनिल टाह, अजीत जोगी के समर्थन में नारे लगाने लगे। इसके पहले ही कार्यक्रम के संयोजक और पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नई गाइड-लाइन के अनुसार सिर्फ कांग्रेस और सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने को कहा।

इसके बाद भी कुछ लोग श्री टाह के समर्थन में झंडे लेकर मंच के सामने पहुंच गए। विधायक श्री सिंह को मंच से ही अपील करनी पड़ी कि टाह अपने समर्थकों को रोंके। इसके बाद उन्होंने सबको हटाना और व्यवस्था बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने स्वागत करने के लिए भी सीमित लोगों को बुलवाया और आखिर में लोगों के नाम गिनाते हुए उनकी तरफ से खुद ही माल्यार्पण कर दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने सबको अनुशासित रहने की नसीहत देते हुए यहां तक कह दिया कि कई दिन की तैयारियों को कुछ लोग आकर बिगाड़ देते हैं। अगर किसी के पक्ष में नारेबाजी ही करने से सरकार बनती है, तो उसके नाम का डंका पिटवा देते हैं। उन्होंेने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है।

कार्यकर्ता भी सरकार बनाने को तैयार हैं। यहां सरकार कार्यकर्ताओं के बदौलत ही बनेगी, लेकिन अगर नहीं बनी, तो इसके लिए नेता जिम्मेदार होंगे, इसलिए नारेबाजी करने की जगह अपनी ऊर्जा राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने में लगाएं। इसी दौरान सभा का संचालन कर रहे अभयनारायण राय ने अव्यस्था के मद्देनजर श्री टाह को मंच से उतारने को कहा, तो धर्मजीत इस पर भी भड़क गए और श्री टाह को उतारने से मना कर दिया। श्री सिंह की फटकार के बाद कार्यकर्ता हालांकि शांत हुए, लेकिन थोड़ी देर बाद सभा स्थल से लोगों के जाने का क्रम शुरू हो गया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। इसकी एक वजह कार्यक्रम का काफी देर से शुरू होना भी था।

एक स्वर में कोसा भाजपा सरकार को: पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने प्रदेश के बड़े हिस्से का दौरा किया है। इस दौरान हर जगह लोगों की आंखों में पीड़ा देखी है। लोगों को रोजगार गांरटी योजना के तहत काम नहीं मिल रहा है, जिन्हें काम मिला भी है, तो उन्हें मजदूरी नहीं दी जा रही है।

केंद्र सरकार से प्रदेश की गरीबी हटाने के लिए पैसा भेजा जाता है, लेकिन इस राशि से भाजपा नेताओं और अधिकारियों की गरीबी दूर हो रही है। कल तक साइकिल में घूमने वाले भाजपा नेता व कार्यकर्ता आज चार पहियों वाली गाड़ी में घूम रहे हैं। जोगी शासनकाल में छह हजार करोड़ रुपयों में पूरे प्रदेश में विकास दिखने लगा था।

आज चार गुना राशि खर्च करने के बाद भी कहीं भी विकास नजर नहीं आता। राज्य सरकार को इसके लिए यात्रा आयोजित करनी पड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री रमनसिंह सहित सरकार के हरेक मंत्री को घोटाले में लिप्त बताते हुए कहा कि रमनसिंह सिर्फ दिखते भोले हैं। जो खनिज विभाग उनके पास है, उसमें घोटालों की भरमार है। पूरे प्रदेश की खदानें ऐसे लोगों को औने-पौने में लीज पर दी जा रही हैं, जिनमें या तो सीएम खुद पार्टनर हैं या जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है।

प्रदेश के गरीब लोग गरीब हो रहे हैं और भाजपा मंत्री व नेता सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदने में लगे हैं। सभा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, शहर अध्यक्ष विजय पांडे, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष वाणीराव, निगम के नेता प्रतिपक्ष बसंत शर्मा, कार्यक्रम के पर्यवेक्षक अटल श्रीवास्तव, अनिल टाह आदि ने भी विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी व्यवस्था बदहाल बताते हुए सरकार को हरेक मोर्चे पर विफल बताया।

गाजे-बाजे से स्वागत
श्री साहू के रतनपुर से यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने धूम-धड़ाके से स्वागत किया। महामाया चौक पर शहर युकांध्यक्ष समीर अहमद, युवा नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा नेता उपस्थित थे। गाजे-बाजे और पटाखों की गूंज के बीच श्री साहू के रथ को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। यहां पर भी उनका स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं में होड़ लगी रही।

सेंदरी में भुवनेश्वर यादव, लतेल पटेल आदि ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक बलराम सिंह, श्रीमती रेणु जोगी, पूर्व मंत्री बीआर यादव सहित राजेश पांडे, रविंद्र सिंह, मायारानी सिंह, संध्या तिवारी, प्रियनाथ तिवारी, शिवा मिश्रा, अजरुन तिवारी, शेख नजरुद्दीन, शहजादी कुरैशी, दुर्गावती पाटले, पंकज सिंह आदि उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: