भोपाल.
गोल्डन शूटर अभिनव बिंद्रा का राजधानी भोपाल में जबर्दस्त स्वागत सत्कार किया गया। उनकी एक झलक पाने खेल प्रशंसकों का जन सैलाब उमड़ पड़ा, जिसे देखकर अभिनव को बोलना पड़ा कि ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं..।
उनके भोपाल पहुंचने के साथ ही फूल मालाओं का जो दौर शुरू हुआ वह तात्या टोपे स्टेडियम तक अनवरत जारी रहा। बीजिंग ओलिंपिक में भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण दिलाने वाले इस गोल्डन ब्वॉय के लिए खेल प्रशंसक सड़क के दोनों और हाथ में फूल माला लिए खड़े थे। इस दौरान लाल घाटी, रॉयल मार्केट और रोशनपुरा पर हल्की सी चक्का जाम की स्थिति भी बनी, लेकिन अपने इस लाड़ले खिलाड़ी के लिए लोग यह भी आसानी से झेल गए।
अभिनव अपने पिता अपजीत बिंद्रा के साथ ठीक 10.15 बजे राजा भोज विमानतल पर उतरे। जहां उनके स्वागत के लिए पूर्व खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भोपाल के महापौर सुनील सूद, मप्र क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष ओम यादव और मध्यप्रदेश के खेल संचालक संजय चौधरी सहित खिलाड़ियों और खेल प्रशंसकों ने अगवानी की। यहां से अभिनव को खुली जीप में तात्या टोपे स्टेडियम तक विजयी रैली के रूप में लाया गया। ढोल और नगाड़ों पर थिरकते युवाओं की टोली के बीच बिंद्रा किसी दूल्हे से कम नजर नहीं आ रहे थे।
एयरपोर्ट से बाहर आते पहले ही तिराहे पर खेल एवं युवक कल्याण विभाग की अकादमी के खिलाड़ियों ने फूल माला के साथ अपने इस सितारे का स्वागत किया।
लाल घाटी चौराहा- इस चौराहे पर टाइगर स्पोट्र्स क्लब के अध्यक्ष अमर चौधरी ने अभिनव को 11 किलो फूलों की माला पहनाने के साथ परंपरागत रूप से साफा पहनाकर स्वागत किया। इसी चौराहे पर इंदिरा प्रियदर्शनी स्कूल के छात्रों ने भी अभिनव बिंद्रा का अभिनंदन किया।
वीआईपी गेस्ट हाउस- यहां खेल विभाग के खिलाड़ी व ऑफिशियलों ने अपने इस स्टार के लिए स्वागत वंदना की।
स्टेट बैंक चौराहा- यहां टीम एम कान्वेंट स्कूल और आलसेंट्स स्कूल के छात्रों ने सड़क के किनारे लंबी कतार लगाकर अपने हीरो का स्वागत किया। सभी खिलाड़ी हाथ में झंडा लिए खड़े थे।
इसके अलावा रॉयल मार्केट,इमामबाड़ा, पीर गेट, मोती मस्जिद, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा व रवींद्र भवन क्षेत्र में भी अभिनव का भव्य स्वागत हुआ।
रायफल भेंट की और आजीवन सदस्यता दी अभिनव को भोपाल रायफल क्लब के सदस्य अपने इस स्टार खिलाड़ी को बीच में पाकर काफी उत्साहित थे। उनका उत्साह देखते बन रहा था। और ऐसा हो भी क्यों नहीं। आखिर उन्हीं के खेल में देश को सोना मिला।
क्लब के सभी पदाधिकारी व खिलाड़ी अपने वेश-भूषा में अपने हीरो के स्वागत समारोह में शरीक हुए। यहां क्लब के प्रमुख अरुणोश्वर सिंहदेव ने बिंद्रा को एक .22 बोर की बंदूक भेंट की। उन्हें अपने क्लब की आजीवन सदस्यता भी दी। यहीं पर उन्हें एक मोमेंटो दिया तथा एक स्वर्ण पदक भी पहनाया।