भोपाल.
प्रदेश की शीर्ष 25 खेल प्रतिभाओं को विक्रम, विश्वामित्र, एकलव्य और लाईफटाइम अचीवमेंट शिखर अवार्ड से अलंकृत किया गया। बीजिंग ओलिंपिक के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने शुक्रवार को एक भव्य व गरिमामयी समारोह में खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
स्थानीय रवींद्र भवन के सभागार में सबसे पहले एकलव्य अवार्डियां को पुरस्कृत किया गया फिर विक्रम फिर उनके गुरू विश्वामित्र और अंत में लाईफटाईम अचीवमेंट अवार्ड मरणोपरांत घुड़सवार केएस राठौड़ को दिया गया,जो उनकी पत्नी सीतामाऊ योगेश्वरी कुमारी और उनके पुत्र ने प्राप्त किया। कराते खिलाड़ी कु. दिव्या गुप्ता मलेशिया खेलने गई हुई हैं। इस कारण उनके पिता सतीश गुप्ता ने उनका अवार्ड प्राप्त किया। जैसे ही खिलाड़ियों के नाम और उसकी उपलब्धि की उद्घोषणा होती थी पूरा सभागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता था। खासकर भोपाल के खिलाड़ियों को खूब तालियां मिलीं। एकलव्य विजेता खिलाड़ियों को अवार्ड, स्मृति चिन्ह, सूट शूज के अलावा 25 हजार रुपए से पुरस्कृत किया जबकि शेष तीनों प्रकार के अवार्डी 50-50 हजार रुपए से पुरस्कृत हुए।
इस दौरान खेलमंत्री तुकोजीराव पवार, लोकनिर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद कैलाश जोशी, सांसद व पूर्व खेलमंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, महापौर सुनील सूद, मप्र ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष महेश जोशी, मुख्य सचिव राकेश साहनी, डीजीपी एसके राऊत, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती रंजना चौधरी और खेल संचालक संजय चौधरी भी उपस्थित थे।
विशेष पहल का विमोचन
अभिनव बिंद्रा ने विभाग की पत्रिकाओं का विमोचन भी किया। इनमें युवा नीति 2008, विशेष पहल, युवा आदि पत्रिकाएं शामिल हैं।
शामिल नहीं हो सके राज्यपाल और मुख्यमंत्री
विक्रम अवार्ड समारोह में पिछले तीन साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल बलराम जाखड़ बराबर शामिल होते रहे हैं। इस बार इस समारोह में दोनों हस्तियां मौजूद नहीं थीं।
अवार्ड समारोह के लिए हाल पड़ा छोटा
विक्रम अवार्ड अलंकरण समारोह के लिए रवींद्र भवन का हाल छोटा पड़ गया। खिलाड़ियों व अतिथियों की संख्या काफी होने के कारण आधे लोगों को अंदर प्रवेश नहीं मिल सका।
विक्रम अवार्डियों को मिलेगी नौकरी
खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए खेलमंत्री तुकोजीराव पवार ने कहा कि सभी विक्रम अवार्डियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाते हुए सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग खिलाड़ियों की जीविकापार्जन का विशेष ध्यान रख रहा है। इसलिए सरकार ने यह कदम उठाया है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल बजट चार करोड से 50 करोड़ कर दिया है,जो एक उपलब्धि है।