bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

‘सीता की तरह हैं मां अहिल्याबाई’

इंदौर. अहिल्याबाई की स्तुति कर केवल औपचारिकता नहीं निभाना चाहिए, उनके जीवन चरित्र से प्रेरणा लेना चाहिए। उनके कार्यो की तुलना माता सीता से हो सकती है। यह बात पुणो से आए प्रख्यात रंगकर्मी बाबा साहब पुरंदरे ने कही। वे लोकमाता की 213वीं पुण्यतिथि पर गांधी हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वरिष्ठ पत्रकार दीपक चौरसिया और सांसद सुमित्रा महाजन ने भी अहिल्याबाई के पहलुओं पर प्रकाश डाला। श्री चौरसिया ने कहा ऐसा उत्सव पहली बार देखा जिसमें सारा शहर शामिल हुआ। ऐसा लग रहा है मानो अहिल्याबाई हमारे आसपास हैं। ऐसी संस्कृति भी पहली बार देखी जिसमें सभी धर्म व राजनीतिक दल शामिल हों। सांसद ने श्री पुरंदरे और श्री चौरसिया का परिचय देते हुए इस आयोजन में भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। अहिल्योत्सव में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

गांधी हॉल से निकली पालकी
लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 213वीं पुण्यतिथि पर इंदौर के हजारों लोगों ने उनका पुण्य स्मरण किया। गांधी हाल से शाम 6 बजे से अहिल्याबाई की पालकी शहर के लोगों को आशीर्वाद देने के लिए निकली। प्रारंभ में 500 लोगों से शुरू हुआ यह सफर बाद में हजारों श्रद्धालुओं में परिवर्तित हो गया। रात 11:30 तक चली इस पालकी यात्रा में हजारों नागरिकों ने अहिल्याबाई के दर्शन किए और पुण्य प्राप्त किया।

दर्शन के लिए जुटे लोग
यात्रा में होलकर सेना के साथ शहर के मुख्य अखाड़े भी शामिल हुए थे जिन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में एक ही बात देखने को मिली कि सभी एक बार अहिल्याबाई के दर्शन करना चाहते थे। अहिल्या सेना और होलकर सेना के साथ इस पालकी यात्रा को देखना एक बेहतरीन अनुभव रहा।

शहर के मुख्य अखाड़ों में मल्हारी मरतड व्यायामशाला और झंडासिंह उस्ताद का अखाड़ा पूरी सक्रियता से इस पालकी यात्रा में शामिल हुए। सैफी स्कूल के छात्र अपने बैंड के साथ माहौल बनाते रहे। वहां से गुजरने वाले सभी नागरिक उनका उत्साह बढ़ा रहे थे। जहां यात्रा में अखाड़ों की धूम रही वहीं प्रमुख भजन मंडल भी अपनी उपस्थिति दिखाने में पीछे नहीं रहे।

संत ज्ञानेश्वर भजन मंडल और जय भवानी आराध्य मंडल आदि ने जय श्री हरि विठ्ठल जय हरि विठ्ठल के उद्घोष से आसमान गुंजा दिया। अहिल्योत्सव समिति के प्रचार प्रमुख सुधीर देड़गे ने बताया कि पालकी यात्रा को लेकर नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। इस यात्रा में लगभग 20 हजार लोगों ने भाग लिया। पालकी यात्रा गांधी हाल से रामप्याऊ, कृष्णपुरा, नंदलालपुरा, जवाहरमार्ग, पीपली बाजार, यशोदामाता मंदिर से होते हुए राजबाड़ा पहुंची और यहां अहिल्यामाता की मूर्ति की परिक्रमा करके गोपाल मंदिर पर समाप्त हुई।

फिर शुरू हुई परंपरागत पालकी जिसे गांधी हॉल से गोपाल मंदिर (राजबाड़ा) पहुंचने में दो घंटे से ज्यादा लगे। चल समारोह में श्री झंडासिंह उस्ताद व्यायामशाला की भूमिका प्रमुख थी। इसमें देवी अहिल्याबाई, बारह ज्योतिर्लिंग और बाबा अमरनाथ की झांकिया भी शामिल थीं। रास्ते में अनेक मंचों से इस पालकी यात्रा का स्वागत किया गया। शहर कांग्रेस ने भी प्रेस क्लब के पास स्वागत मंच लगाया था। अध्यक्ष प्रमोद टंडन, कृपाशंकर शुक्ला, रामलाल यादव, राजेश चौकसे, अनिल यादव, देवेंद्रसिंह यादव, प्रेम खड़ायता आदि ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इससे पहले राजबाड़ा उद्यान में लगी अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने माल्यार्पण के साथ पूजन भी किया।

बच्चों ने दिया शहर संवारने का संदेश
अहिल्या माता की जय.. भारत माता की जय.. वंदे मातरम.. हम सब बच्चे अहिल्या माता की याद में शपथ लेते हैं कि मां अहिल्या की नगरी को सुंदर बनाने के लिए शहरवासियों को जागरूक करेंगे और उनसे कहेंगे अपनी ऐतिहासिक धरोहर को संवारने के लिए योगदान दें। शुक्रवार को अहिल्या पुण्यतिथि पर इंदौर सोसायटी फॉर मेंटली रिटार्डेड और वाणिज्यिक कर मुख्यालय सहकारी समिति मंदबुद्धि और अनाथ बच्चों को अहिल्या प्रतिमा उद्यान, राजबाड़ा लाए और लोकमाता का इतिहास बताया। इस मौके पर सोसायटी की को-आर्डिनेटर शशि दुबे और विक्रय कर सहकारी साख संस्था मुख्यालय के अध्यक्ष शंकर अवस्थी भी उपस्थित थे।

नारी शक्ति पर व्याख्यान
शासकीय अहिल्याश्रम एवं चंद्रावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-एक में डॉ. माधवी पटेल के मुख्यातिथ्य में समारोह हुआ। उन्होंने नारी शक्ति पर व्याख्यान दिया। स्वागत किया प्राचार्य हंसकुमारी आर्य ने। संचालन छात्रसंघ प्रभारी सुनयना शर्मा और आभार प्रदर्शन निर्मला बियाणी ने किया।

अक्षय अकादमी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में कवि मैथलीशरण दिवाकर ने कहा अहिल्याबाई साक्षात देवी का अवतार थीं। अध्यक्षता कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अक्षय तिवारी ने की। यहां 1008 छात्र-छात्राओं ने मोमबत्ती जलाकर आतंकवाद समाप्ति की प्रार्थना की।

अहिल्याबाई की न्याय व्यवस्था हर आदमी अपना ले तो इंदौर शहर की तस्वीर बदल सकती है। यह बात विद्युत मंडल द्वारा आयोजित अहिल्योत्सव समारोह में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सीएमडी पी.डी. कुलकर्णी ने कही। इस अवसर पर पॉवर लिफ्टिंग में गोल्ड मैडल पाने वाले नरेश ठाकुर और बीस वर्ष से योग सेवा दे रहे योगाचार्य जगदीश केटवाल को शॉल देकर सम्मानित किया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: